
- वाराणसी मंडल ब्यूरो पंकज झा
वाराणसी। कमिश्नरेट वाराणसी की साइबर क्राइम पुलिस ने अंतरराज्यीय साइबर ट्रांजेक्शन एपीके फाइल और म्यूल अकाउंट गैंग का पर्दाफाश करते हुए 5 शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 15 एंड्रॉयड मोबाइल, 3 आईफोन, 43 एटीएम कार्ड, 12 सिम कार्ड, पासबुक, चेकबुक, 11 क्यूआर कोड, एक लैपटॉप, डायरी, ₹12,060 नकद तथा महिंद्रा थार और हुंडई i20 समेत दो लग्जरी वाहन बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी भोले-भाले लोगों को लालच देकर उनके नाम पर बैंक खाते खुलवाते थे और एटीएम कार्ड, पासबुक, सिम व इंटरनेट बैंकिंग की जानकारी अपने कब्जे में लेकर इन खातों का इस्तेमाल देश-विदेश के साइबर अपराधियों तक पहुंचाने में करते थे। साइबर ठगी से प्राप्त रकम के बदले उन्हें 8 से 15 प्रतिशत तक कमीशन मिलता था।

आरोपियों के खिलाफ थाना साइबर क्राइम, कमिश्नरेट वाराणसी में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 61(2), 112 तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66C और 66D के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस आरोपियों के अन्य आपराधिक इतिहास और डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।
पुलिस की अपील: अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, पासबुक, चेकबुक, सिम कार्ड या इंटरनेट बैंकिंग संबंधी जानकारी किसी अज्ञात व्यक्ति के साथ साझा न करें। किसी भी साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें या साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।




