- वाराणसी मंडल ब्यूरो पंकज झा
वाराणसी। नगर निगम वाराणसी की कार्यकारिणी की बैठक में दशाश्वमेध वार्ड (वार्ड-96) के पार्षद नरसिंह दास चौथी बार निर्विरोध उपसभापति चुने गए। सिगरा स्थित स्मार्ट सिटी सभागार में महापौर अशोक कुमार तिवारी की अध्यक्षता में संपन्न चुनाव प्रक्रिया के दौरान सरायनंदन वार्ड के पार्षद मदन मोहन तिवारी ने उनके नाम का प्रस्ताव रखा, जिसे सभी कार्यकारिणी सदस्यों ने सर्वसम्मति से मंजूरी दी।
निर्वाचन के बाद नरसिंह दास ने पार्टी नेतृत्व और सभी पार्षदों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह सभी जनप्रतिनिधियों को साथ लेकर निष्पक्ष और ईमानदारी से कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि शहर की जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान और बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी पहली प्राथमिकता होगी।
बैठक में नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल, संयुक्त नगर आयुक्त कृष्ण चंद सहित कार्यकारिणी के सभी सदस्य उपस्थित रहे।




