
- वाराणसी मंडल ब्यूरो पंकज झा
वाराणसी। शहर के एक निजी अस्पताल से जुड़े चिकित्सक के पुत्र डॉ. अनुपम तिवारी के विरुद्ध एक महिला कर्मचारी की शिकायत पर लालपुर-पांडेयपुर थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 74, 75(2), 115(2) और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
महिला का आरोप है कि वह पिछले करीब ढाई वर्षों से हुकुलगंज स्थित एक निजी अस्पताल में कार्यरत है। शिकायत के अनुसार, उसके साथ उसकी इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाए गए। विरोध करने पर नौकरी से निकालने, बदनाम करने और जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि 26 जुलाई को अस्पताल के केबिन में बुलाकर उसके साथ मारपीट की गई, जिसमें एक अन्य कर्मचारी के शामिल होने का भी आरोप है।
सूत्रों के अनुसार, शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों से करीब 24 घंटे तक पूछताछ की। इस दौरान समझौते के प्रयास होने की भी चर्चा रही, हालांकि इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
पुलिस का कहना है कि महिला की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। सभी आरोपों की सत्यता का निर्धारण जांच और आगे की कानूनी प्रक्रिया के आधार पर होगा।




