
- वाराणसी मंडल ब्यूरो पंकज झा
वाराणसी। यात्रियों की सुविधा एवं क्षेत्रीय जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन ने गाड़ी संख्या 15079/15080 पाटलिपुत्र–गोरखपुर–पाटलिपुत्र मेल एक्सप्रेस का कठकुइयाँ रेलवे स्टेशन पर प्रायोगिक ठहराव शुरू कर दिया है। रविवार को आयोजित समारोह में कुशीनगर के सांसद विजय कुमार दूबे ने हरी झंडी दिखाकर इस नई सुविधा का शुभारंभ किया।
सांसद विजय कुमार दूबे ने इसे क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग पूरी होने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए यात्रियों से अधिक से अधिक वैध टिकट लेकर यात्रा करने की अपील की, ताकि प्रायोगिक ठहराव को भविष्य में स्थायी बनाया जा सके।
अपर मंडल रेल प्रबंधक (ऑपरेशन) अशोक कुमार वर्मा ने बताया कि गाड़ी संख्या 15079 रात 9:21 बजे कठकुइयाँ पहुंचेगी और 9:23 बजे गोरखपुर के लिए रवाना होगी, जबकि 15080 सुबह 5:16 बजे पहुंचेगी और 5:18 बजे पाटलिपुत्र के लिए प्रस्थान करेगी।
उन्होंने कहा कि इस सुविधा से कठकुइयाँ और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को गोरखपुर व पटना के लिए सीधी रेल सेवा मिलेगी, जिससे विद्यार्थियों, व्यापारियों, नौकरीपेशा लोगों और आम यात्रियों को विशेष लाभ होगा। कार्यक्रम में विधायक मनीष जायसवाल, रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।




