
- रिपोर्ट: अमित कुमार
अयोध्या। नीट एवं सीबीएसई परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, छात्रों के भविष्य से जुड़े मुद्दों और लोकतांत्रिक आवाज़ों के दमन के विरोध में जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी, अयोध्या के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को विशाल कैंडल मार्च एवं सत्याग्रह का आयोजन किया गया।
कांग्रेस कार्यकर्ता शहीद स्तंभ, सिविल लाइंस पर एकत्र हुए, जहां से हाथों में मोमबत्तियां लेकर गांधी पार्क स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा तक कैंडल मार्च निकाला गया। इसके बाद गांधी प्रतिमा के समक्ष शांतिपूर्ण सत्याग्रह एवं सांकेतिक अनशन किया गया। छात्र आंदोलनों के दौरान जान गंवाने वाले छात्र-छात्राओं को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दो मिनट का मौन भी रखा गया।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष चेतनारायण सिंह ने कहा कि छात्रों के व्यापक आंदोलन और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा लगातार उठाई गई आवाज़ के बढ़ते जनदबाव के बाद केंद्र सरकार को केंद्रीय शिक्षा मंत्री का इस्तीफा लेना पड़ा। उनका कहना था कि यदि सरकार छात्रों के भविष्य के प्रति संवेदनशील होती तो यह फैसला आंदोलन के शुरुआती दौर में ही लिया जाता, लेकिन सरकार ने लंबे समय तक छात्रों की पीड़ा को नजरअंदाज किया।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष सुनील कृष्ण गौतम ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे को शिक्षा व्यवस्था की विफलता की स्वीकारोक्ति बताते हुए कहा कि भाजपा सरकार लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर कर रही है और विरोध की आवाज़ों को दबाने के लिए सरकारी तंत्र का दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस छात्रों, युवाओं और संविधान की रक्षा के लिए अपना संघर्ष जारी रखेगी।
सेवादल महानगर अध्यक्ष बसंत मिश्रा, पीसीसी सदस्य राम अवध पासी तथा जिला महासचिव बृजेश रावत ने कहा कि देश का युवा रोजगार, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था की मांग कर रहा है, लेकिन सरकार इन समस्याओं के समाधान के बजाय आंदोलनरत छात्रों पर दबाव बनाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग दोहराई।
जिला प्रवक्ता शीतला पाठक और सेवादल जिला अध्यक्ष फ्लावर नकवी ने कहा कि किसी भी लोकतांत्रिक राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत उसके छात्र और युवा होते हैं। यदि उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ होगा तो कांग्रेस पार्टी चुप नहीं बैठेगी। उन्होंने परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की।
कार्यक्रम में पीसीसी सदस्य उग्रसेन मिश्रा, अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ अध्यक्ष रामसागर रावत, जिला महासचिव अश्विनी सिंह मधुर, पूर्व महानगर अध्यक्ष वेद सिंह कमल, उमेश उपाध्याय, डी.एन. वर्मा, अशोक कनौजिया, पूर्व सभासद जनार्दन मिश्रा, डॉ. विनोद गुप्ता, धीरेंद्र सिंह बबलू, आसाराम जगरथ, शेख खालिद खान, रुद्र प्रताप सिंह ‘रिशु’, मेहताब, धर्मेंद्र सिंह, अशोक राय, अशोक कुमार शर्मा, कल्लू शर्मा, विजय श्रीवास्तव ‘मटरू’, विशाल दुबे, सतीश सिंह, फिरोज अंसारी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।





