
- वाराणसी मंडल ब्यूरो पंकज झा
वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में मंगलवार को “स्वच्छता से स्वागत” अभियान के तहत प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर विशेष स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। महाप्रबंधक उदय बोरवणकर के निर्देश तथा मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के मार्गदर्शन में वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर अभिनव पाठक के नेतृत्व में ईएनएचएम विभाग एवं स्वास्थ्य निरीक्षकों ने अभियान का संचालन किया।
अभियान का उद्देश्य रेल कर्मचारियों और यात्रियों के बीच स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा रेलवे परिसरों को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाए रखने के लिए जनभागीदारी को प्रोत्साहित करना था। इस दौरान कर्मचारियों एवं यात्रियों को “स्वच्छता से स्वागत” बैज पहनाकर स्वच्छता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के तहत जागरूकता रैली, उद्घोषणाओं और विभिन्न जन-जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से यात्रियों, रेल उपयोगकर्ताओं तथा स्थानीय लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। लोगों से स्टेशन परिसर में गंदगी न फैलाने तथा कूड़ा निर्धारित डस्टबिन में ही डालने की अपील की गई। साथ ही गीले और सूखे कचरे के लिए हरे एवं नीले डस्टबिन के सही उपयोग की जानकारी भी दी गई।
अभियान में रेलवे कर्मचारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई, वहीं यात्रियों और स्थानीय लोगों ने भी उत्साहपूर्वक सहयोग किया। अधिकारियों ने स्वच्छता के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का आह्वान करते हुए वाराणसी मंडल को स्वच्छ, सुंदर, स्वस्थ और यात्री-अनुकूल बनाए रखने की प्रतिबद्धता दोहराई।




