
- वाराणसी मंडल ब्यूरो पंकज झा
वाराणसी: पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल ने रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों को स्वच्छ, सुंदर और यात्री-अनुकूल बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के मार्गदर्शन तथा रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी के निर्देश पर “स्वच्छता से स्वागत” अभियान के तहत सोमवार को वाराणसी मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर एक साथ व्यापक स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाया गया।
अभियान के अंतर्गत आजमगढ़, वाराणसी सिटी, बनारस, बलिया, भटनी, छपरा, देवरिया सदर, मऊ, सीवान और प्रयागराज रामबाग सहित इनके अधीन आने वाले स्टेशनों पर पर्यावरण एवं गृह व्यवस्था प्रबंधन (EnHM) विभाग के नेतृत्व में स्वच्छता कर्मियों और रेलवे कर्मचारियों ने जागरूकता रैलियां निकालीं। रैली के माध्यम से यात्रियों और स्थानीय नागरिकों को रेलवे परिसर को स्वच्छ रखने तथा स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया।

इस दौरान स्टेशन परिसरों, प्लेटफॉर्मों, प्रतीक्षालयों, प्रवेश और निकास द्वारों के साथ-साथ रेल कोचों में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। रेलवे कर्मचारियों ने सार्वजनिक उद्घोषणाओं, जन-जागरूकता संदेशों और यात्रियों से सीधे संवाद के माध्यम से लोगों से स्टेशन परिसर में कचरा न फैलाने तथा गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग निर्धारित हरे और नीले डस्टबिन में डालने की अपील की।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि “स्वच्छता से स्वागत” अभियान का उद्देश्य रेलवे स्टेशनों, ट्रेनों और रेलवे परिसरों में स्वच्छता के मानकों को और बेहतर बनाना है, ताकि यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। अभियान की प्रगति और क्रियान्वयन की नियमित रूप से उच्च स्तर पर निगरानी भी की जा रही है, जिससे निर्धारित स्वच्छता मानकों का प्रभावी पालन सुनिश्चित हो सके।
इस अवसर पर रेलवे कर्मचारियों ने यात्रियों और स्थानीय नागरिकों से अपील की कि स्वच्छ रेलवे परिसर का निर्माण केवल रेलवे ही नहीं, बल्कि जनसहभागिता से भी संभव है। उन्होंने सभी से रेलवे परिसर में गंदगी न फैलाने और निर्धारित डस्टबिन का उपयोग करने का आग्रह किया।
रेलवे कर्मचारियों, स्वच्छता कर्मियों और यात्रियों की सक्रिय भागीदारी से अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। वाराणसी मंडल ने भविष्य में भी स्वच्छ, पर्यावरण-अनुकूल और यात्री-अनुकूल रेलवे वातावरण उपलब्ध कराने के लिए ऐसे जन-जागरूकता अभियानों को लगातार जारी रखने का संकल्प दोहराया।





