
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ। राजधानी में बिजली चोरी और विद्युत राजस्व की हानि रोकने के लिए मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (एमवीवीएनएल) ने शनिवार को व्यापक मॉर्निंग रेड अभियान चलाया। अमौसी, गोमती नगर, जानकीपुरम और लखनऊ मध्य क्षेत्र में संयुक्त टीमों ने सघन जांच अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान 10 उपभोक्ता बिजली चोरी करते पकड़े गए, जिनके खिलाफ विद्युत अधिनियम की धारा 135 के तहत एफआईआर दर्ज कराई गई।
अमौसी क्षेत्र में 49 कनेक्शनों की जांच के दौरान दो उपभोक्ता मीटर बाईपास कर बिजली चोरी करते मिले। गोमती नगर क्षेत्र के शिवपुरी और लक्ष्मणपुरी गांव में दो उपभोक्ता सीधे स्टोर से बिजली लेते पाए गए। वहीं जानकीपुरम के गणेश विहार कॉलोनी, गाजीपुर में 54 परिसरों की जांच में तीन उपभोक्ता मीटर बाईपास कर बिजली चोरी करते मिले। सभी मामलों में मुकदमा दर्ज कराया गया।
मध्य क्षेत्र में बकायेदारों पर भी सख्ती बरती गई। एक्सईएन रेड सुशील कुमार ने बताया कि जिन बकायेदार उपभोक्ताओं के विद्युत कनेक्शन विभाग द्वारा पहले काटे जाने के बावजूद दोबारा जोड़ लिए गए थे, उनके कनेक्शन फिर से कटवा दिए गए। साथ ही संबंधित परिसरों पर विभाग की ओर से नोटिस भी चस्पा कराए गए, ताकि बकाया जमा कराने और अनधिकृत रूप से बिजली उपयोग न करने के लिए उपभोक्ताओं को चेतावनी दी जा सके।
इसके अलावा मध्य क्षेत्र में ट्रांसफार्मरों एवं 33/11 केवी लाइनों का अनुरक्षण, पेड़ों की कटाई-छंटाई तथा फीडरों का रखरखाव भी कराया गया। विभाग के अनुसार 1912 हेल्पलाइन पर प्राप्त मीटर, बिजली आपूर्ति और बिल संबंधी शिकायतों का भी त्वरित निस्तारण किया गया।
एमवीवीएनएल ने स्पष्ट किया है कि बिजली चोरी और बकायेदारी के विरुद्ध यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। विभाग ने उपभोक्ताओं से वैध विद्युत कनेक्शन का उपयोग करने, समय पर बिल जमा करने और बिजली चोरी से बचने की अपील की है।




