
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में महाप्रबंधक श्री आशुतोष पंत के मार्गदर्शन में “ई-ऑफिस में हिंदी में कार्य करने की जानकारी एवं कठिनाइयों का समाधान” विषय पर कार्यशाला आयोजित की गई। राजभाषा विभाग के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यशाला की अध्यक्षता मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं मुख्य यांत्रिक इंजीनियर (उत्पादन एवं विपणन) श्री राम जन्म चौबे ने की।
कार्यशाला में रेलटेल के क्षेत्रीय अभियंता श्री प्रवीण कुमार ने प्रतिभागियों को ई-ऑफिस प्रणाली के विभिन्न पहलुओं, फाइलों एवं पत्राचार के डिजिटल निस्तारण, दस्तावेज प्रबंधन तथा कार्य के दौरान आने वाली व्यावहारिक समस्याओं के समाधान की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने ई-ऑफिस के अधिकतम एवं त्वरित उपयोग के लिए उपयोगी सुझाव भी साझा किए तथा प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में श्री राम जन्म चौबे ने कहा कि ई-ऑफिस प्रणाली कार्य निष्पादन को सरल, त्वरित एवं पारदर्शी बनाने के साथ-साथ कागजरहित कार्यालय की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कर्मचारियों से डिजिटल कार्यसंस्कृति को अपनाने और ई-ऑफिस के प्रभावी उपयोग के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ अनुवादक श्री विजय प्रताप सिंह ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन वरिष्ठ अनुवादक श्री गुरु राजन ने प्रस्तुत किया। कार्यशाला में बरेका के विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने बड़ी संख्या में सहभागिता कर ई-ऑफिस प्रणाली से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्राप्त कीं। कार्यक्रम का समापन डिजिटल कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने के संकल्प के साथ हुआ।





