पीएम की अपील पर लोकदल अध्यक्ष सुनील सिंह का हमला, बोले- 5 किलो राशन लेने वाला सोना क्या खरीदेगा?

- वरिष्ठ संवाददाता: राजीव आनन्द
लखनऊ : Sunil Singh ने प्रधानमंत्री की विदेशी यात्रा, पेट्रोल-डीजल के उपयोग और सोना खरीद को लेकर की गई अपील पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि “5 किलो राशन लेने वाला देश आखिर सोना क्या खरीदेगा? जो परिवार मुफ्त राशन के सहारे अपना पेट पाल रहा है, वह पेट्रोल का क्या करेगा? और अगर पेट्रोल भरवा भी लिया तो क्या स्विट्जरलैंड घूमने जाएगा?”
सुनील सिंह ने कहा कि देश की बड़ी आबादी इस समय महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक संकट से जूझ रही है। उनके मुताबिक सरकार जनता को राहत देने के बजाय लगातार त्याग और बचत का उपदेश देने में लगी हुई है।
महंगाई और बेरोजगारी पर सरकार को घेरा
लोकदल अध्यक्ष ने कहा कि रसोई गैस, पेट्रोल-डीजल, खाद्य तेल और रोजमर्रा की जरूरतों की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं, जबकि आम लोगों की आय घटती जा रही है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार पहले यह बताए कि देश की जनता की क्रय शक्ति आखिर क्यों खत्म हो रही है।
उन्होंने कहा कि अगर देश आर्थिक रूप से इतना मजबूत है तो करोड़ों लोगों को मुफ्त राशन की जरूरत क्यों पड़ रही है और आम जनता की जेब खाली क्यों है।
मध्यम वर्ग, किसान और युवा सबसे ज्यादा प्रभावित
लोकदल ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों का सबसे ज्यादा असर मध्यम वर्ग, किसानों, मजदूरों और युवाओं पर पड़ा है। पार्टी का कहना है कि जनता आज बच्चों की पढ़ाई, इलाज और रोजगार जैसी बुनियादी जरूरतों को लेकर चिंतित है, जबकि सरकार केवल भाषण और अपील करने में व्यस्त है।
लोकदल ने केंद्र सरकार से महंगाई कम करने, रोजगार के अवसर बढ़ाने और आम आदमी की आय में वृद्धि के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।





