
- रिपोर्ट: स्निग्धा श्रीवास्तव
पटना: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के 20 वर्षों के कार्यकाल पर आधारित शॉर्ट फिल्म ‘मेरा नेता मेरा अभिमान’ का गुरुवार, 16 अप्रैल को जेडीयू कार्यालय में लोकार्पण किया गया। इस मौके पर उनके पुत्र निशांत कुमार, पूर्व मंत्री अशोक चौधरी समेत कई पार्टी नेता मौजूद रहे। फिल्म में नीतीश कुमार के दो दशकों के कार्यों और उपलब्धियों को दर्शाया गया है, साथ ही उन पर आधारित एक गीत भी जारी किया गया।
कार्यक्रम में भावुक हुए अशोक चौधरी
कार्यक्रम के दौरान जब नीतीश कुमार का जिक्र हुआ, तो अशोक चौधरी भावुक हो गए और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। इस दौरान निशांत कुमार ने उनके कंधे पर हाथ रखकर उन्हें संभाला।
निशांत कुमार ने कहा कि उनकी प्राथमिकता पार्टी संगठन को मजबूत करना और जनता का आशीर्वाद प्राप्त करना है। उन्होंने बताया कि उनके पिता ने बीते 20 वर्षों में बिहार के विकास के लिए कई अहम कार्य किए हैं।
‘नीतीश कुमार अभिभावक जैसे’
अशोक चौधरी ने कहा कि नीतीश कुमार का राज्यसभा जाना उनका व्यक्तिगत निर्णय है, लेकिन उनके साथ काम करने का अनुभव बेहद खास रहा है। उन्होंने कहा कि हर नेता की कार्यशैली अलग होती है, लेकिन नीतीश कुमार ने हर क्षेत्र में बेहतरीन काम किया।
उन्होंने इच्छा जताई कि यदि नीतीश कुमार कुछ और वर्षों तक सक्रिय रहते, तो बिहार और अधिक विकसित हो सकता था। उनके अनुसार, नीतीश कुमार केवल मुख्यमंत्री ही नहीं, बल्कि एक अभिभावक की तरह हैं, जिनका मार्गदर्शन आगे भी मिलता रहेगा।
नई सरकार के बाद पहली बार सामने आए निशांत कुमार
बिहार में नई सरकार बनने के बाद यह पहला मौका था जब निशांत कुमार मीडिया के सामने आए। जेडीयू कार्यालय पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया।
इस दौरान अशोक चौधरी ने विजय चौधरी को उपमुख्यमंत्री बनने पर बधाई दी, वहीं मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि वे राज्य को नई दिशा देंगे।
निशांत कुमार ने कहा कि सम्राट चौधरी उनके बड़े भाई की तरह हैं और उनके पिता का पूरा समर्थन उनके साथ है। उन्होंने भरोसा जताया कि वे जनता के बीच जाकर पार्टी संगठन को मजबूत करेंगे और अपने पिता के अधूरे सपनों को पूरा करने की दिशा में काम करेंगे।




