
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लालपुर-पाण्डेयपुर थाना और एसओजी की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 56 पैकेट में कुल 88 किलोग्राम अवैध गांजा, एक बोलेरो वाहन और एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 15 अप्रैल 2026 को पुलिस उपायुक्त (अपराध) एवं अपर पुलिस उपायुक्त के निर्देशन में की गई। प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार सिंह और एसओजी प्रभारी उ0नि0 गौरव सिंह के नेतृत्व में टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर पहड़िया मंडी क्षेत्र में दबिश दी। सूचना थी कि एक व्यक्ति वाहन से भारी मात्रा में गांजा लाकर बिक्री की फिराक में खड़ा है।
दबिश के दौरान पुलिस ने अभियुक्त कपिलदेव सिंह (उम्र करीब 46 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया, जो मूल रूप से बुलंदशहर का निवासी है और वर्तमान में दिल्ली में रह रहा था। उसके कब्जे से 56 पैकेट गांजा (कुल वजन 88 किलोग्राम), 200 रुपये नकद, आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी, एक वीवो मोबाइल फोन और बोलेरो वाहन (नंबर JH10 BJ 7297) बरामद किया गया।
इस संबंध में थाना लालपुर-पाण्डेयपुर में मुकदमा संख्या 105/2026 के तहत धारा 08/20 एनडीपीएस एक्ट एवं धारा 336(3) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र वर्मा द्वारा की जा रही है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि अभियुक्त का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ पूर्व में एनडीपीएस एक्ट और गुंडा एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज हैं, जो मिर्जापुर जनपद से संबंधित हैं। इस पूरी कार्रवाई में एसओजी और थाना लालपुर-पाण्डेयपुर की संयुक्त टीम के कई पुलिसकर्मी शामिल रहे।





