
लखनऊ। दिनांक 01 अप्रैल 2026 को नगरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, इंदिरा नगर में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर माननीय पार्षद श्री अशोक उपाध्याय एवं चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मयंक जलोटे द्वारा संयुक्त रूप से रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
रैली के माध्यम से क्षेत्रवासियों को संचारी रोगों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लोगों को साफ-सफाई बनाए रखने, मच्छरों से बचाव करने, जलजनित बीमारियों से सावधान रहने और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने बताया कि बदलते मौसम में डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया जैसे रोग तेजी से फैलते हैं, जिनसे बचाव के लिए जनभागीदारी बेहद जरूरी है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य आमजन को जागरूक कर इन बीमारियों की रोकथाम करना है।
इस मौके पर स्वास्थ्य कर्मी, स्थानीय नागरिक एवं छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में मौजूद रहे और सभी ने मिलकर संचारी रोगों के खिलाफ जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।



