
समाचार टूडे वाराणसी
वाराणसी।। जौनपुर (मड़ियाहूं)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जनपद अंतर्गत मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीती 26 मार्च की रात शौच के लिए निकली एक नाबालिग किशोरी को चार नकाबपोश युवकों ने अगवा कर लिया और पास के ही एक गेहूं के खेत में ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया।
धमकी के साये में बीता समय
वारदात के बाद आरोपी किशोरी को मरणासन्न स्थिति में छोड़कर फरार हो गए। काफी देर तक घर न लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की, तो पीड़िता घर से करीब 500 मीटर दूर खेत में गंभीर अवस्था में मिली। आरोप है कि जाते समय आरोपियों ने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी थी, जिसके डर से परिजनों ने शुरुआती तीन दिनों तक किसी को कुछ नहीं बताया और निजी स्तर पर किशोरी का उपचार कराया।
पुलिस प्रशासन पर लापरवाही के आरोप
शुक्रवार को ग्रामीणों के सहयोग और हिम्मत जुटाने के बाद परिजन मड़ियाहूं कोतवाली पहुंचे और मामले की लिखित तहरीर दी। हालांकि, परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने संवेदनशीलता दिखाने के बजाय उनकी मूल तहरीर को बदलवा दिया। सामूहिक दुष्कर्म जैसे गंभीर मामले में भी तत्काल मेडिकल मुआयना न कराए जाने और पीड़िता को घंटों थाने में बिठाए रखने से स्थानीय लोगों में आक्रोश है। सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने इस मामले में पूछताछ के लिए तीन संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया है, जबकि मामले की जांच जारी है। क्षेत्र के नागरिक दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।




