- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। प्रयागराज मण्डल ने 19.03.2026 से 02.04.2026 तक चलने वाले विंध्याचल चैत्र नवरात्रि मेला में विंध्याचल स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए रेल प्रशासन द्वारा तैयारियां की जा रही हैं। समय सारणी, किराया सूची, प्रवेश, निकास और आरक्षित व अनारक्षित टिकट काऊंटर के साइनेज रेलवे परिसर में उपयुक्त स्थानों पर लगाए जा रहे है इससे यात्रियों को संबन्धित जानकारी आसनी से उपलब्ध हो सकेगी। विंध्याचल स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए 3 अनारक्षित टिकट काउंटर, 1 आरक्षित टिकट काउंटर, 1 खोया पाया केंद्र एवं 1 पूछताछ केंद्र उपलब्ध हैं । यात्रियों को आसानी से टिकट उपलब्ध कराने के लिए टिकट काउंटर पर कार्य करने के लिए 12 अतिरिक्त स्टाफ उपलब्ध कराये जा रहे हैं और 12 टिकिट चेकिंग स्टाफ की ड्यूटी लगायी है । आरक्षण काउंटर को दोनों पालियों में संचालित किया जाएगा । विन्ध्याचल स्टेशन पर खानपान के लिए 4 कार्यरत स्टाल पहले से यात्रियों को अपनी सेवाएं प्रदान कर रहे हैं।
विंध्याचल स्टेशन पर 25 जोड़ी गाड़ियों नियमित रूप से रुकती हैं इसके अतिरिक्त श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 5 अतिरिक्त गाड़ियों को ठहराव दिया गया है यात्रियों को अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के क्रम में अस्थाई तौर पर 3 वाटर पॉइंट, अतिरिक्त 15 पुरुष शौचालय, 15 महिला शौचालय एवं 10 स्नानघर अतिरिक्त उपलब्ध कराये जाएंगे।यात्रियों की सुविधा के लिए विंध्याचल स्टेशन पर सेंट जॉन एम्बुलेंस ब्रिगेड, नागरिक सुरक्षा संगठन, भारत स्काउट एवं गाइड के स्वयंवसेवी यात्रियों को सहायता के लिए उपलब्ध रहेंगे। नवरात्रि मेला के दौरान विंध्याचल स्टेशन पर श्रद्धालुओं की सेवा के लिए पर्याप्त संख्या में रेलवे सुरक्षा बल एवं राजकीय रेलवे पुलिस स्टाफ सुरक्षा में तैनात रहेंगे।




