
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। जनपद में अनफिट एवं बिना परमिट संचालित स्कूल वाहनों के विरुद्ध परिवहन विभाग द्वारा विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करते पाए गए कुल 5 स्कूल वाहनों को सीज किया गया, जबकि 12 वाहनों का चालान किया गया। यह अभियान ए.आर.टी.ओ. (प्रवर्तन) सुधांशु रंजन के नेतृत्व में चलाया गया, जिसमें यात्रीकर अधिकारी अखिलेश पांडेय की सक्रिय सहभागिता रही। प्रवर्तन दल ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सघन जांच करते हुए यह सुनिश्चित किया कि कोई भी अनफिट या बिना परमिट संचालित स्कूल वाहन कार्रवाई से बच न सके।
अभियान के दौरान विभाग द्वारा विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई। जिन वाहनों को सीज किया गया, उनमें सवार छात्र-छात्राओं को पहले सुरक्षित रूप से विद्यालय परिसर में उतारा गया, इसके बाद ही संबंधित वाहनों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई, ताकि बच्चों की सुरक्षा प्रभावित न हो।जांच के दौरान यह भी सत्यापित किया गया कि स्कूल वाहन पूरी तरह फिट हों और उनके पास वैध परमिट उपलब्ध हो। साथ ही यह भी देखा गया कि वाहन में प्राथमिक उपचार किट, अग्निशामक यंत्र तथा अग्निरोधी प्रावधान मौजूद हों। इसके अतिरिक्त वाहनों की खिड़कियों पर निर्धारित मानक के अनुरूप सुरक्षा ग्रिल लगी हो तथा स्पीड गवर्नर कार्यशील स्थिति में हो।
प्रवर्तन टीम द्वारा यह भी निर्देश दिया गया कि विद्यालय प्रबंधन यह सुनिश्चित करे कि वाहन चालकों का पुलिस सत्यापन कराया गया हो। साथ ही चालकों का नियमित नेत्र परीक्षण और स्वास्थ्य परीक्षण समय-समय पर कराया जाए तथा उनके पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस और बैज होना अनिवार्य हो।परिवहन विभाग ने बताया कि सड़क पर सघन जांच के साथ-साथ प्रवर्तन दल द्वारा विद्यालयों में जाकर भी स्कूल वाहनों का भौतिक सत्यापन किया जाएगा, जिससे छात्र-छात्राओं की सुरक्षित और संरक्षित यात्रा सुनिश्चित की जा सके। विभाग ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे विद्यालय प्रशासन से यह सुनिश्चित करें कि उनके बच्चों को ले जाने वाले वाहन सभी निर्धारित सुरक्षा मानकों का पूर्ण रूप से पालन कर रहे हों।




