-गिरिजा देवी, सांस्कृतिक संकुल, चौकाघाट में बी०एल०ओ० एवं सुपरवाइजरों से किया संवाद एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले बी0एल0ओ0 को किया सम्मानित
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने सोमवार को जनपद भ्रमण के दौरान अर्हता तिथि 01.01.2026 के आधार पर संचालित विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम की प्रगति का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने कम्पोजिट विद्यालय कबीरचौरा स्थित नोटिस सुनवाई केन्द्र का निरीक्षण किया तथा गिरिजा देवी सांस्कृतिक संकुल चौकाघाट में 384 पिण्डरा, 385 अजगरा (अ०जा०), 386 शिवपुर, 387 रोहनियां, 388 वाराणसी उत्तरी, 389 वाराणसी दक्षिणी, 390 वाराणसी कैण्टोमेन्ट एवं 391 सेवापुरी के बी०एल०ओ० एवं सुपरवाइजरों से संवाद स्थापित किया।
निरीक्षण के दौरान मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सर्वप्रथम कम्पोजिट विद्यालय कबीरचौरा नोटिस सुनवाई केन्द्र पर उपलब्ध सुविधाओं, कार्य प्रणाली, शिकायत निस्तारण व्यवस्था एवं नागरिकों को प्रदान की जा रही सेवाओं का जायजा लिया गया। उन्होंने केन्द्र पर उपस्थित नागरिकों एवं मतदाताओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने तथा सम्बन्धित अधिकारियों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक निस्तारण किये जाने के निर्देश दिये। साथ ही उपस्थित राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से वार्ता कर सुझाव लिये एवं उक्त प्रक्रिया में उनके द्वारा दिये जा रहे उत्कृष्ट सहयोग की प्रशंसा की।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने नोटिस सुनवाई केन्द्रों पर आने वाले नागरिकों के साथ शालीन व्यवहार, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने पर विशेष बल दिया गया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी से ही सम्भव है और प्रशासन का दायित्व है कि प्रत्येक प्रात्र नागरिक को मतदान के अधिकार के प्रयोग में कोई असुविधा न हो। साथ ही उन्होंने विभिन्न स्तरों पर मतदाता जागरूकता कैम्प लगाने के निर्देश दिये। जिससे अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को शामिल किया जा सके। इसी तर्ज पर जनपद में नागरिकों की सुविधा हेतु बूथ एवं सोशायटी स्तर पर विशेष कैम्प आयोजित किये गये हैं साथ ही सभी की सुविधा के लिये बी०एल०ओ० स्तर पर सुनवाई, वीडियो काल पर वेरीफिकेशन व साफ्ट कापी पर आई0डी0 चेक करने की पहल के बारे में जानकारी दी गयी।
निरीक्षण के उपरान्त गिरिजा देवी सांस्कृतिक संकुल चौकाघाट में आयोजित संवाद कार्यक्रम में मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बी०एल०ओ० एवं बी०एल०ओ० सुपरवाइजरों से मतदाता सूची के अद्यतन कार्य, नये मतदाताओं के पंजीकरण, नाम संशोधन, स्थानान्तरण एवं विलोपन से सम्बन्धित कार्यों की समीक्षा की गयी। इस अवसर पर बी०एल०ओ० एवं बी०एल०ओ० सुपरवाइजरों ने अपने अनुभव भी साझा किये व उनके अच्छे कार्यों की प्रशंसा करते हुये उन्हें प्रोत्साहित किया गया।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी महोदय ने अवगत कराया कि जनपद वाराणसी में अवस्थित समस्त विधान सभा निर्वाचन क्षेत्रों में दिनांक 06.01.2026 को आलेख्य मतदाता सूची में कुल 25,80,502 मतदाता सम्मिलित है जिसमें से कुल 1,62,888 मतदाता नो मैपिंग श्रेणी में तथा कुल 784679 मतदाता लॉजिकल डिस्कीपेन्सी की श्रेणी में है, इस प्रकार कुल 9,49,015 मतदाताओं का नोटिस जनरेट किया गया जिसके सापेक्ष 287102 (30.25 प्रतिशत) मतदाताओं को सुनवाई हेतु नोटिस बी०एल०ओ० द्वारा मतदाताओं को प्राप्त कराये गये हैं, जिसमें से 1,99,322 (21 प्रतिशत) नोटिस की सुनवाई संबंधित निर्वाचक एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा पूर्ण कर ली गयी है। जनपद वाराणसी नोटिस सुनवाई की प्रक्रिया पूर्ण कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि निष्पक्ष, पारदर्शी और त्रुटिरहित विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण 2026 की प्रक्रिया सुनिश्चित करनें में बी०एल०ओ० की भूमिका अत्यन्त महत्वपूर्ण है। मतदाता सूची शुद्धिकरण कार्य में विशेष सतर्कता बरतते हुए प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम सूची में शामिल किया जाना आवश्यक है। उन्होने ईआरओ को नोटिस सुनवाई केन्द्रों पर फार्म-6 एवं मैपिंग कार्य के लिये अधिक संख्या में नागरिक आ रहे हैं वहाँ आवश्यकतानुसार कैम्प आयोजित कर कार्य सुगमता से सम्पन्न कराया जाय, जिससे मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
आयुक्त/रोल प्रेक्षक, वाराणसी मण्डल एस. राजलिंगम द्वारा मतदाता सूची शुद्धिकरण कार्य में विशेष सतर्कता बरतते हुए प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम सूची में शामिल किया जाना आवश्यक है। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण 2026 की प्रक्रिया सुनिश्चित करने में बी0एल0ओ0 की भूमिका अत्यन्त महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी से निष्ठा ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने का आह्वाहन किया।
जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी को जनपद में संचालित विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम की प्रगति जन जागरूकता गतिविधियों तथा बी०एल०ओ० के माध्यम से किये जा रहे घर-घर सत्यापन कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बी०एल०ओ० एवं सुपरवाइजरों को सम्बोधित करते हुये कहा कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम भारत निर्वाचन आयोग की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है और इसके प्रभावी क्रियान्वयन में बी0एल0ओ0 की भूमिका अत्यन्त महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी से मुख्य निर्वाचन अधिकारी द्वारा दिये गये निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुये निष्ठा ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने का आह्वान किया। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने जनपद में एस0आई0आर0 कार्यक्रम की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया तथा भविष्य में भी इसी प्रकार सजगता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते रहने के निर्देश दिये।
इस अवसर पर उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करने वाले 24 बी०एल०ओ०, 08 बी०एल०ओ० सुपरवाइजर्स, 02 सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तथा 01 निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को प्रशस्ति पत्र एवं उपहार भेट कर सम्मानित भी किया गया।उप जिला निर्वाचन अधिकारी बिपिन कुमार ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी के मार्ग दर्शन और सतत सहयोग के लिये उनका आभार व्यक्त किया गया तथा आशस्वत किया गया कि जिला प्रशासन इस अभियान को पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ सफल बनायेगा। इस अवसर पर मण्डलायुक्त/रोल प्रेक्षक, वाराणसी मण्डल, जिलाधिकारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी, एवं समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तथा बी०एल०ओ० एवं बी०एल०ओ० सुपरवाईजर प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।





