
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। देवों के देव महादेव की पावन रात्रि महाशिवरात्रि के शुभ अवसर पर चैतन्य योग सेवा संस्था द्वारा चैतन्य योग केंद्र, शाखा–औरंगाबाद, सोनिया में अत्यंत श्रद्धा, भक्ति एवं आध्यात्मिक उल्लास के साथ भव्य शिवरात्रि पूजन, रुद्राभिषेक, ध्यान साधना, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिवभक्तों, स्थानीय नागरिकों, गणमान्य अतिथियों एवं योग साधकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातःकाल वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच भगवान शिव के रुद्राभिषेक से हुआ। श्रद्धालुओं ने विधि-विधानपूर्वक पूजन-अर्चन कर विश्व कल्याण, सुख, शांति एवं समृद्धि की मंगलकामना की। मंदिर परिसर एवं योग केंद्र का वातावरण “हर-हर महादेव” के जयघोष से गुंजायमान हो उठा, जिससे संपूर्ण वातावरण शिवमय हो गया। इसके पश्चात आयोजित ध्यान सत्र में साधकों ने सामूहिक रूप से शिव ध्यान एवं जप कर आत्मिक शांति एवं आंतरिक ऊर्जा का अनुभव किया। सांस्कृतिक सत्र में भजन-कीर्तन, शिव स्तुति, शिव-पार्वती विवाह की मनोहारी झांकी एवं योग प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया।कलाकारों द्वारा भगवान शिव के विभिन्न स्वरूपों एवं उनकी महिमा का सजीव मंचन अत्यंत आकर्षक रहा। विशेष रूप से युवाओं एवं बाल कलाकारों की प्रस्तुति को दर्शकों ने सराहा।
संस्था के पदाधिकारियों ने अपने संबोधन में महाशिवरात्रि के आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व आत्मचिंतन, संयम, साधना एवं शिव तत्व को जीवन में धारण करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने बताया कि संस्था का मुख्य उद्देश्य समाज में योग, अध्यात्म एवं भारतीय संस्कृति का संरक्षण और प्रचार-प्रसार करना है, तथा इसी उद्देश्य से प्रतिवर्ष इस दिव्य आयोजन का संपादन किया जाता है।कार्यक्रम के समापन अवसर पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन की सफलता में संस्था के पदाधिकारियों, सदस्यों, स्वयंसेवकों एवं स्थानीय नागरिकों का सराहनीय योगदान रहा।





