
- रिपोर्ट: ज्ञानेश वर्मा
लखनऊ: नगरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र , इंदिरा नगर, लखनऊ के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मयंक के कुशल नेतृत्व में आज नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सुग्गामऊ में एक विशाल स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य स्थानीय निवासियों को विशेषज्ञ चिकित्सा परामर्श और नि:शुल्क स्वास्थ्य सुविधाएँ उनके घर के समीप उपलब्ध कराना था।
प्रमुख विशेषज्ञों की उपस्थिति में हुआ परीक्षण:
शिविर में विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ डॉक्टरों ने अपनी सेवाएँ दीं, जिससे क्षेत्र के सैकड़ों नागरिकों को लाभ मिला। डॉ. एस.पी. आर्या (टीबी विशेषज्ञ): इन्होंने राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम के तहत टीबी के संदिग्ध मरीजों की गहन स्क्रीनिंग की।
डॉ.आरुषि सिंह (स्त्री रोग विशेषज्ञ): शिविर में आई महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक परामर्श एवं दवाएं उपलब्ध कराईं। डॉ. जय प्रकाश श्रीवास्तव (दंत रोग विशेषज्ञ): इन्होंने मुख एवं दांतों से जुड़ी समस्याओं का परीक्षण किया और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
टीबी उन्मूलन के लिए विशेष अभियान:
डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान, गोमती नगर की टीबी इकाई से आए विशेषज्ञों की टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई। टीम में वरिष्ठ उपचार पर्यवेक्षक अरुण कुमार, वरिष्ठ टीबी लैब पर्यवेक्षक पीयूष कुमार सिंह और टीबी स्वास्थ्य परिदर्शक वेंकटेश तिवारी ने मरीजों को टीबी के लक्षणों और सरकार द्वारा मिलने वाली सहायता के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
टीम वर्क और जन-सेवा:
शिविर को सफल बनाने में सुग्गामऊ केंद्र के एम.ओ.आई.सी. डॉ. सूरज सिंह और फार्मासिस्ट अनिमेष राव के साथ क्षेत्रीय ए.एन.एम. व आशा बहुओं का विशेष सहयोग रहा। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मयंक ने बताया कि:
“सरकार की मंशा के अनुरूप हम अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधा पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इन शिविरों के माध्यम से हम न केवल उपचार कर रहे हैं, बल्कि लोगों को गंभीर बीमारियों के प्रति जागरूक भी कर रहे हैं।”
शिविर के दौरान मरीजों को नि:शुल्क दवाएं वितरित की गईं और सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न जन-कल्याणकारी योजनाओं (जैसे आयुष्मान भारत व निक्षय पोषण योजना) के बारे में बताया गया।





