
- रिपोर्ट: ज्ञानेश वर्मा / यूपी हेड
लखनऊ। नगरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC), इंदिरा नगर व ( CHC )पल्हरी में एक विशाल स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस स्वास्थ्य शिविर में चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मयंक जलोटे के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में मुख्य रूप से क्षय रोग (टीबी) और कैंसर के संभावित रोगियों की पहचान और स्क्रीनिंग पर जोर दिया गया।
विशेषज्ञों द्वारा गहन जांच
शिविर में डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान (RMLIMS) की टीबी यूनिट के विशेषज्ञों ने अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वरिष्ठ उपचार पर्यवेक्षक अरुण कुमार, वरिष्ठ लैब पर्यवेक्षक पीयूष कुमार सिंह और टीबी स्वास्थ्य पर्यवेक्षक वेंकटेश तिवारी की देखरेख में संदिग्ध मरीजों के सैंपल लिए गए और उन्हें रोग के लक्षणों व उपचार के बारे में विस्तार से समझाया गया।
टीबी विशेषज्ञ डॉ. एस.पी. आर्या ने मरीजों का परीक्षण किया, जबकि स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. फातिमा शहान ने महिलाओं में कैंसर (विशेषकर स्तन कैंसर) के शुरुआती लक्षणों की स्क्रीनिंग की और उन्हें स्वयं जांच करने के तरीकों के प्रति जागरूक किया। साथ ही, दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. जय प्रकाश श्रीवास्तव ने मुख कैंसर व अन्य दंत रोगों की जांच की गई। इस जागरूकता अभियान शिविर स्थल पर पोस्टरों और बैनरों के माध्यम से ‘स्तन कैंसर’ और ‘टीबी’ से बचाव के संदेश प्रसारित किए गए। स्थानीय ‘आशा’ कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर लोगों को शिविर तक पहुँचाने में अपना सहयोग प्रदान किया।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मयंक जलोटे ने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप, गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान करने के लिए इस प्रकार के शिविर अत्यंत आवश्यक हैं। आज के शिविर कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिकों ने अपनी स्वास्थ्य जांच कराई और डॉक्टरों से परामर्श भी प्राप्त किया।





