
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। यात्रियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आज वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन पर जल गुणवत्ता जांच अभियान चलाया गया। इस अभियान के अंतर्गत स्टेशन परिसर के विभिन्न प्रमुख स्थानों से पेयजल के नमूने एकत्र कर जीवाणु परीक्षण के लिए भेजे गए। मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक प्रशांत पंसारे, प्रदीप कुमार एवं अमित कुमार की उपस्थिति में यह कार्रवाई की गई। स्वास्थ्य निरीक्षण दल द्वारा स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया सहित प्लेटफार्म संख्या 1 तथा प्लेटफार्म संख्या 4/5 पर स्थित वॉटर बूथों से जल नमूने विधिवत प्रक्रिया के तहत एकत्रित किए गए।
स्टेशन निदेशक अर्पित गुप्ता ने बताया कि रेलवे द्वारा यात्रियों के स्वास्थ्य और स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाती है। इसी क्रम में समय-समय पर पेयजल की गुणवत्ता की जांच कराई जाती है, ताकि किसी भी प्रकार के जीवाणु संक्रमण या जलजनित रोगों की संभावना को रोका जा सके। एकत्रित जल नमूनों को प्रयोगशाला भेजा गया है, जहां उनका सूक्ष्म जीवाणु परीक्षण किया जाएगा।रेल प्रशासन के अनुसार परीक्षण रिपोर्ट प्राप्त होने के पश्चात यदि किसी भी प्रकार की कमी पाई जाती है तो तत्काल सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे। इसमें वॉटर बूथों की सफाई, टंकियों की धुलाई एवं आवश्यकतानुसार क्लोरीनेशन जैसी कार्रवाई शामिल होगी।
इस जांच अभियान से यात्रियों में स्वच्छता के प्रति विश्वास बढ़ा है तथा रेलवे की स्वास्थ्य सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।





