
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना सेंट जॉन्स एम्बुलेंस ब्रिगेड का वार्षिक निरीक्षण कार्यक्रम का आयोजन आज दिनांक 05 फरवरी 2026 को बरेका केंद्रीय खेलकूद मैदान में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि कोर कमाण्डर (मेडिकल), सेंट जॉन्स एंबुलेस ब्रिगेड एवं प्रमुख मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ देवेश कुमार द्वारा ध्वजारोहण कर किया किया गया। तत्पश्चात् मुख्य अतिथि डॉक्टर देवेश कुमार ने कोर कमांडर राजकुमार पटेल के मार्गदर्शन में ब्रिगेड द्वारा प्रस्तुत भव्य परेड का निरीक्षण किया।
कार्यक्रम में सेंट जॉन्स एंबुलेस ब्रिगेड के प्रशिक्षित सदस्यों ने आपकालीन परिस्थितियों में प्राथमिक सहायता से संबंधित फायरमैन लिफ्ट, मानव बैसाखी, पिक ए बैक, टू हैंड शीट, थ्री हैंड शीट, फोर हैंड शीट, फोर एंड ऑप्ट विधि, स्ट्रेचर ड्रिल एवं सी.पी.आर. का सफल प्रदर्शन किया।इस अवसर पर कोर कमांडर, सेंट जॉन्स एंबुलेस ब्रिगेड एवं उप मुख्य सामग्री प्रबंधक (आयात एवं डीजल), श्री अभिषेक पांडेय ने सेंट जॉन्स एंबुलेस ब्रिगेड का वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत किया।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि डॉक्टर देवेश कुमार ने सर्वप्रथम सेंट जॉन्स एंबुलेस ब्रिगेड द्वारा प्रस्तुत आपातकालीन राहत एवं बचाव कार्यों के आकर्षक मॉक ड्रिल की प्रशंसा करते हुए अन्य कार्यों की भी सराहना की। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि “मानवता की सेवा करना ही ब्रिगेड का मुख्य कर्तव्य है, ब्रिगेड के प्रत्येक सदस्य को समाज सेवा के पुनीत कर्तव्य के प्रति समर्पित होना चाहिए। तत्पश्चात् पूर्व में आयोजित स्ट्रेचर ड्रिल प्रतियोगिता के विजेता टीम को मुख्य अतिथि द्वारा पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अन्त में आयोजित मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को उल्लास और आनंद से भर दिया। इस अवसर पर मंडल कमांडर (मेडिकल), सेंट जॉन्स एंबुलेस ब्रिगेड एवं वरिष्ठ मंडल चिकित्साधिकारी डॉक्टर मधुलिका सिंह, कोर अधिकारी, सेंट जॉन्स एंबुलेस ब्रिगेड एवं उप मुख्य यांत्रिक इंजीनियर (पी.ओ.एच.) श्री राजेश कुमार एवं अन्य अधिकारीगण, सदस्य कर्मचारी परिषद श्री नवीन कुमार सिन्हा, सेंट जॉन्स एंबुलेस ब्रिगेड के सदस्यों सहित बड़ी संख्या में कर्मचारीगण एवं आमजन भी उपस्थित रहे कार्यक्रम का सुरुचिपूर्ण संचालन श्री नवल किशोर गुप्त एवं धन्यवाद ज्ञापन सचिव मंडल कमांडर, सेंट जॉन्स एंबुलेस ब्रिगेड एवं सहायक कार्मिक अधिकारी पीयूष मिंज ने किया।





