
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में असलहा प्रदर्शन का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। निगोहा थाना क्षेत्र में दबंगों के हौसले इतने बुलंद हैं कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जीरो टॉलरेंस नीति भी बेअसर नजर आ रही है। स्थानीय पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
बीते मंगलवार को दबंगों ने एक बुजुर्ग व्यक्ति पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला किया था। हमले में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित का आरोप है कि घटना के बाद पुलिस आरोपियों पर सख्त कार्रवाई करने के बजाय उस पर समझौते का दबाव बना रही है, जिससे निगोहा पुलिस की भूमिका संदेह के घेरे में आ गई है।
पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी दबंग लगातार उसे जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं, जिससे वह और उसका परिवार दहशत में है। इसके बावजूद पुलिस की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
सूत्रों के मुताबिक, सोशल मीडिया पर असलहा लहराते हुए दिखाई देने वाला आरोपी सौरभ बताया जा रहा है, जो कथित तौर पर एक गैंग भी चलाता है। हैरानी की बात यह है कि इतने गंभीर मामले के बावजूद न तो निगोहा पुलिस और न ही आला अधिकारियों के कानों पर जूं रेंगती दिखाई दे रही है।
अब सवाल यह है कि क्या निगोहा पुलिस दबंगों की दबंगई पर लगाम कस पाएगी या फिर पीड़ित को इंसाफ के लिए और लंबा इंतजार करना पड़ेगा। यह मामला कानून-व्यवस्था और पुलिस की कार्यशैली पर बड़ा प्रश्नचिह्न बनता जा रहा है।





