
- रिपोर्ट: अमित कुमार
अयोध्या : योग गुरु बाबा रामदेव शुक्रवार को अयोध्या पहुंचे, जहां उन्होंने एक आश्रम में आयोजित योग शिविर में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने राम जन्मभूमि सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार साझा किए।
बाबा रामदेव ने अयोध्या को पवित्र तीर्थ बताते हुए कहा कि यह भूमि भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा की आत्मा है। उन्होंने कहा कि विदेशी आक्रांताओं ने ऐतिहासिक रूप से अयोध्या को नुकसान पहुंचाया, लेकिन आज यह अपनी गौरवशाली पहचान की ओर आगे बढ़ रही है।
बाबा रामदेव ने बताया कि वे प्रयागराज में पवित्र स्नान करने और वेदांती जी के जन्मदिवस पर आशीर्वाद लेने के बाद अयोध्या पहुंचे हैं। उन्होंने राम जन्मभूमि जाकर रामलला के दर्शन करने की भी इच्छा जताई।
योग शिविर के दौरान बाबा रामदेव ने रामत्व, कृष्णत्व, हनुमत्व और शिवत्व की प्रतिष्ठा पर जोर देते हुए कहा कि यही सनातन संस्कृति की मूल शक्ति है। साथ ही उन्होंने प्रयागराज में शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद से जुड़े विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि आपसी मतभेदों से सनातन धर्म की छवि को नुकसान पहुंचता है, इसलिए एकजुटता बेहद जरूरी है।
उन्होंने सभी से आपसी विवाद भुलाकर सनातन मूल्यों की रक्षा और प्रचार के लिए मिलकर आगे बढ़ने का आह्वान किया।





