
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र–छात्राओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए परिवहन विभाग द्वारा विद्यालय वाहनों की फिटनेस एवं निर्धारित मानकों के अनुपालन को लेकर सघन प्रवर्तन अभियान चलाया गया। इस दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कुल 24 विद्यालय वाहनों का चालान किया गया, जबकि 2 वाहन मानकों के विपरीत पाए जाने पर सीज कर दिए गए।प्रवर्तन अभियान के दौरान परिवहन विभाग की टीम ने विद्यालय वाहनों में आवश्यक सुरक्षा मानकों की गहन जांच की। अधिकारियों ने विद्यालय प्रबंधन एवं वाहन संचालकों को निर्देशित किया कि सभी विद्यालय वाहनों में खिड़कियों पर ग्रिल बार, अग्निशमन/फायर रिटार्डेंट उपकरण, स्पीड गवर्नर, फर्स्ट-एड बॉक्स सहित सभी अनिवार्य सुरक्षा उपकरण एवं फिटिंग्स अनिवार्य रूप से उपलब्ध हों। साथ ही सभी वाहन चालकों का विद्यालय स्तर पर पुलिस सत्यापन पूर्ण होना आवश्यक बताया गया।
जांच के दौरान यह भी स्पष्ट किया गया कि प्रत्येक विद्यालय वाहन के पास वैध फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट, बीमा एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज होना अनिवार्य है। जिन वाहनों में दस्तावेजों की कमी या सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया गया, उनके विरुद्ध तत्काल कार्रवाई की गई।परिवहन विभाग ने जानकारी दी कि इस प्रकार के आकस्मिक (सरप्राइज) निरीक्षण लगातार किए जा रहे हैं और आगामी दिनों में जनपद के सभी विद्यालयों को इस अभियान के अंतर्गत कवर किया जाएगा।
विभाग ने सभी विद्यालय प्रबंधन से अपील की है कि विद्यालय स्तर पर लंबित सभी वाहन संबंधी कागजात एवं सुरक्षा मानकों का शीघ्र पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करें।अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि विद्यालय वाहन मानकों से संबंधित किसी भी प्रकार का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित विद्यालय प्रबंधन एवं वाहन संचालकों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करना विद्यालय प्रबंधन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।उक्त प्रवर्तन अभियान श्री सुधांशु रंजन, ए.आर.टी.ओ. (प्रवर्तन), वाराणसी के नेतृत्व में संचालित किया गया। परिवहन विभाग ने संकेत दिया है कि भविष्य में भी इस प्रकार की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।





