
- रिपोर्ट: प्रतीक वार्ष्णेय
हाथरस जनपद के ग्राम पंचायत खरवा माजरा, हरिपुर स्थित गौशाला से आई तस्वीरों ने इंसानियत को शर्मसार कर दिया। विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल के स्थानीय कार्यकर्ताओं को मिली सूचना के बाद जब गौशाला का निरीक्षण किया गया, तो वहां का मंजर रूह कंपा देने वाला था। कई गौ माताएं कुपोषण से जूझती नजर आईं, जबकि एक मृत गौ माता का शव कुत्तों द्वारा नोचे जाने की स्थिति में मिला। यह दृश्य देखकर मौके पर मौजूद लोग आक्रोशित हो उठे।
सूचना मिलते ही बजरंग दल, हाथरस के कार्यकर्ता और पदाधिकारी तुरंत गौशाला पहुंचे। विभाग संयोजक हर्षित गौड़ एवं जिला संयोजक अमरदीप ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को तलब कर लिया और व्यवस्था की पोल खोलते हुए जवाबदेही तय करने की मांग की। प्रशासन की मौजूदगी में मृत गौ माता के अवशेषों को सम्मानपूर्वक भूमिगत कराया गया।

मौके पर बजरंग दल के पदाधिकारियों ने चेतावनी भरे शब्दों में कहा कि यदि हाथरस जनपद में कहीं भी गौ माता के साथ इस प्रकार की लापरवाही दोबारा सामने आई, तो संगठन सड़क से सदन तक संघर्ष करने को मजबूर होगा। वहीं जिला प्रशासन ने भी सख्त लहजे में कहा कि इस मामले में लापरवाहों पर गाज गिरेगी और किसी को बख्शा नहीं जाएगा।

इस दौरान नगर संगठन मंत्री देवराज कर्मयोगी, नगर मंत्री अनमोल अग्निहोत्री, नगर संयोजक किशन भारती, नगर सह-संयोजक तरुण शर्मा, लक्ष्मण दीक्षित, चेतन यादव, नगर सह गौ-रक्षा प्रमुख मोनू, भव्य सेंगर, अभिषेक सेंगर, रोहित, ललित, मोहित, शिवांग, सोनू पथरे, प्रशांत खंडेलवाल, सोनू भारती सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
अब सवाल यह उठता है कि सरकारी धन से चल रही गौशालाओं में आखिर जिम्मेदारी किसकी है? क्या यह मामला भी फाइलों में दबा दिया जाएगा या सच में दोषियों पर कार्रवाई होगी—इसका जवाब आने वाले दिनों में तय करेगा कि हाथरस की गौशालाओं का भविष्य सुरक्षित है या नहीं।





