
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी मंडल रेल प्रबंधक,वाराणसी आशीष जैन की अध्यक्षता में एन.ई.रेलवे मेंस कांग्रेस यूनियन के साथ द्वितीय स्थाई वार्ता तंत्र (पी.एन.एम.) की बैठक आज 19 दिसंबर,2025 शुक्रवार को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के भारतेन्दु सभा कक्ष,वाराणसी में आयोजित हुई।
बैठक में अपर मंडल प्रबंधक(इंफ़्रा) अजय सिंह,अपर मंडल रेल प्रबंधक(आपरेशन) अशोक कुमार वर्मा, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ आर जे चौधुरी, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिनव कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) विकास कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक श्री अजय प्रताप सिंह,वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर(कैरेज एण्ड वैगन) अनुभव पाठक,वरिष्ठ मंडल सिगनल एवं दूरसंचार इंजीनियर-1 रजत प्रिय,वरिष्ठ मंडल सिगनल एवं दूरसंचार इंजीनियर-2 श्री यशवीर सिंह,वरिष्ठ मंडल सामाग्री प्रबंधक नितेश अग्रवाल, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी बलेन्द्र पाल, पाठक,वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर(सामान्य) पंकज केशरवानी, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर(ऑपरेशन) धर्मेन्द्र कुमार यादव,मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री रमेश पाण्डेय, मंडल वित्त प्रबंधक श्री एन.एन. पाण्डेय समेत विभिन्न शाखाधिकारी, एन.ई.रेलवे मेंस कांग्रेस के केन्द्रीय अध्यक्ष अखिलेश पाण्डेय,मंडल मंत्री राकेश पाल,मंडल अध्यक्ष मनोज कुमार सहित वाराणसी मंडल के सभी पदाधिकारी उपस्थित थे।
बैठक को सम्बोधित करते हुये मंडल रेल प्रबंधक श्री आशीष जैन ने कहा कि रेल संचलन में कर्मचारी यूनियन की महत्वूपर्ण भूमिका है तथा उनके माध्यम से प्राप्त अनेक महत्वपूर्ण सुझावों के क्रियान्वयन से कार्यकुशलता में वृद्धि होती है। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से वाराणसी मंडल ने अनेक उपलब्धियाँ प्राप्त की। रेलपथ के दोहरीकरण एवं विद्युतीकरण का कार्य तेजी से सम्पादित किया जा रहा है। यात्री यातायात एवं यात्री आय के साथ ही माल परिवहन एवं उससे होने वाली आय में निरन्तर वृद्धि हो रही है।
आधारभूत संरचनाओं के विकास के क्रम में अनेक कार्य जैसे- दोहरीकरण एवं विद्युतीकरण के अंतर्गत नान इण्टरलॉकिंग कार्य, अमृत भारत स्टेशन योजना के अन्तर्गत स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है।पब्लिक ग्रीवांस के क्षेत्र में रेल मदद पोर्टल के माध्यम से प्राप्त परिवादों के निस्तारण में हम अग्रणी है, जिसके लिये आप सभी बधाई के पात्र हैं। उन्होंने मंडल के सभी अधिकारियों से रेल की आय में वृद्धि के नये क्षेत्र खोजने एवं विवेकपूर्ण ढंग से मितव्ययिता पूर्वक व्यय करने पर बल दिया।
कर्मचारी हित के कार्यों की चर्चा करते हुये उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त होने वाले रेलकर्मियों को उसी दिन समापक भुगतान ऑनलाइन किया जा रहा है। रेलकर्मियों के बच्चों को छात्रवृत्ति, अनुकम्पा के आधार पर शीघ्रता से नियुक्ति, समय से पदोन्नति परीक्षाओं का आयोजन एवं एम.ए.सी.पी. प्रदान करने का कार्य भी प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है।
रेलवे क्वार्टरों की कमी को पूरा करने के लिये नये क्वार्टर बनाने पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। मंडल चिकित्सालय, वाराणसी द्वारा आवश्यकता के अनुरूप दूर के स्टेशनों के निकट निजी अस्पतालों से टाईअप कर मेडिकल सेवा का विस्तार किया जा रहा है। फील्ड में कार्य करने वाले रेलकर्मियों को प्रशिक्षित किया जा रहा है, ताकि संरक्षा सुदृढ़ रहे। इसके पूर्व,वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्री अभिनव कुमार सिंह ने स्वागत सम्बोधन में बताया कि रेल प्रशासन कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए पूर्णतः सजग है तथा किसी भी कर्मचारी परिवाद का निस्तारण यथाशीघ्र किये जाने का प्रयास किया जाता है। उन्होंने पी.एन.एम. सहित अन्य सभी बैठकों को समय से आयोजित किये जाने का आश्वासन दिया ।
बैठक को सम्बोधित करते हुये एन.ई.रेलवे मेंस कांग्रेस के केन्द्रीय अध्यक्ष श्री अखिलेश पाण्डेय ने कर्मचारियों के हित से सम्बन्धित अनेक मुद्दों की तरफ रेल प्रशासन का ध्यान आकृष्ट करते हुये अपेक्षा की कि उनका निस्तारण यथाशीघ्र किया जायेगा । एन.ई.रेलवे मेंस कांग्रेस के मंडल मंत्री ने रेलवे की प्रगति में रेलकर्मियों के पूर्ण सहयोग की प्रतिबद्धता को दोहराते हुये रेलवे बोर्ड एवं महाप्रबन्धक सहित अनेक स्तरों पर जारी निर्देशों के अनुपालन में अधिक और शीघ्रता लाने पर बल दिया ।
उन्होंने मंडल में गाड़ियों की संख्या वृद्धि के कारण वर्क लोड के आधार पर कार्य घंटो के पुनर्निर्धारण, लाइन में ट्रैक मेंटेनरों की सुविधा हेतु समुचित प्रबंध करने, ट्रैक मैनों की सुरक्षा हेतु जीवन रक्षक डिवाइस के प्रावधान करने,ट्रैक मेंटेनेंस कर्मचारियों के लिए गैंग हट, कर्मचारियों को रेलवे आवास सुविधा उपलब्ध कराने, रेलवे कालोनियों के रख-रखाव व सुविधाओं, सामुदायिक केन्द्रों (इन्द्रप्रस्थ एवं प्रेक्षागृह) को मेन्टेन कराने,मंडल कार्यालय,मंडल चिकित्सालय एवं डीजल लाबी वाराणसी में कर्मचारियों हेतु शेडयुक्त वहन स्टैंड बनाने,मंडल के प्रमुख स्टेशनों पर नया मनोरंजन कक्ष बनाने, पुराने बीओएस को पुनरीक्षित कराने,आर्टीजन कर्मचारियों से 08 घंटे से अधिक कार्य करने पर ओवर टाइम का भुगतान करने और कर्मचारियों के हितों एवं गरिमा पर ध्यान दिए जाने पर बल देते हुये कहा कि कर्मचारियों की संतुष्टि रेल को विकास के पथ पर ले जाने में अत्यंत महत्वपूर्ण होती है तथा इस दिशा में रेल प्रशासन के प्रयासों पर संतोष व्यक्त किया ।
बैठक के पहले दिन 19 दिसंबर, 2025 को वाणिज्य, विद्युत, परिचालन, कार्मिक, इंजीनियरिंग,यांत्रिक तथा सिगनल एवं दूरसंचार विभाग के मदों पर चर्चा की गई तथा उनके समाधान का प्रयास किया गया। बैठक को दूसरे दिन 20 दिसंबर, 2025 को शेष मदों पर विभागवार चर्चा की जायेगी।





