
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ/मेरठ। उत्तर प्रदेश में भ्रष्टाचार के विरुद्ध मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की “जीरो टॉलरेंस” नीति और पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्णा के सख्त निर्देशों के अनुपालन में भ्रष्टाचार निवारण संगठन, उत्तर प्रदेश द्वारा लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में भ्रष्टाचार निवारण संगठन की मेरठ इकाई ने एक बड़ी ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 19 दिसंबर 2025 को भ्रष्टाचार निवारण संगठन मेरठ इकाई को श्री शाहनवाज निवासी ग्राम मिर्जापुर, थाना विजयनगर, जनपद गाजियाबाद द्वारा शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि बिजली कनेक्शन लगवाने के एवज में विद्युत विभाग के कर्मचारियों द्वारा अवैध धनराशि की मांग की जा रही है।
शिकायत के सत्यापन के बाद निरीक्षक मयंक कुमार अरोरा के नेतृत्व में ट्रैप टीम का गठन किया गया। टीम ने अर्थला धाम के पास पान के खोखे के सामने, जीटी रोड ग्राम अर्थला, थाना साहिबाबाद क्षेत्र, कमिश्नरेट गाजियाबाद में कार्रवाई करते हुए प्रताप बिहार बिजली घर, विजयनगर गाजियाबाद में तैनात विद्युत विभाग के टेक्नीशियन ग्रेड-2 जयवीर सिंह पुत्र दल सिंह, निवासी शास्त्री नगर ए-ब्लॉक, मकान नंबर-79, थाना कविनगर, जनपद गाजियाबाद तथा एसएसओ (संविदा कर्मी) रविन्द्र सिंह पुत्र श्री स्वामी, निवासी राहुल बिहार-2, गली नंबर-13, प्रताप बिहार, जनपद गाजियाबाद को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
भ्रष्टाचार निवारण संगठन द्वारा दोनों आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई से विभागों में व्याप्त भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने का स्पष्ट संदेश गया है और आम जनता में कानून के प्रति भरोसा और मजबूत हुआ है।


