
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। मऊ–शाहगंज दोहरीकरण परियोजना के अंतर्गत मऊ–खुरहट रेल खंड का दोहरीकरण कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण हो गया है। दोहरीकरण कार्य के पूरा होने के बाद रेल संरक्षा आयुक्त द्वारा स्पेशल ट्रेन से इस खंड पर स्पीड ट्रायल किया गया, जो पूरी तरह सफल रहा।
मऊ–खुरहट रेल खंड के चालू होने के साथ ही फेफना–इंदारा तथा मऊ–शाहगंज दोहरीकरण परियोजनाएं भी पूर्ण मानी जा रही हैं। मऊ से खुरहट तक नवनिर्मित इस लाइन को अप मेन लाइन के रूप में नामित किया जाएगा। स्पीड ट्रायल के दौरान ट्रैक, सिग्नलिंग और अन्य तकनीकी व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की गई।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार दोहरीकरण से रेल लाइन की क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। इससे यात्री और मालगाड़ियों दोनों के संचालन में तेजी आएगी तथा ट्रेनों की आवृत्ति बढ़ेगी। इसके साथ ही यात्रा समय में भी काफी कमी आएगी, जिससे रेल यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी और संतुष्टि का स्तर बढ़ेगा।
दोहरीकरण परियोजना से न केवल परिचालन दक्षता में सुधार होगा, बल्कि पूर्वी उत्तर प्रदेश की कनेक्टिविटी भी मजबूत होगी। बेहतर रेल संपर्क से क्षेत्रीय व्यापार, उद्योग और आर्थिक गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद है। रेलवे का मानना है कि यह परियोजना आने वाले समय में पूर्वी उत्तर प्रदेश के विकास में अहम भूमिका निभाएगी।


