
- रिपोर्ट: पंकज झा
जौनपुर। सरपतहां थाना क्षेत्र के ईशापुर (बंजारी) गांव के जंगल में युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने की घटना प्रकाश में आई है। मृतक 42 वर्षीय लक्ष्मी शंकर पप्पू यादव) अमावांखुर्द गांव का निवासी था,बताते है कि वह रविवार की सुबह से हीं घर से निकला था और लगभग 500 मीटर दूर जंगल में चिलबिल के पेड़ पर रस्सी से फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर लिया। सोमवार की सुबह खेत की सिंचाई करने गया युवक जब जंगल में शव लटका देख मौके पर पहुंचा तो अवाक रह गया। उसने तुरंत परिजनों को घटना की सूचना दी।युवक के मौत की खबर मिलते हीं परिवार में कोहराम मच गया।
युवक की मौत से जहां पत्नी दुलारी देवी का सुहाग उजड़ गया,वहीं दो बच्चों के सिर हमेशा के लिए पिता का साया उठ गया।दो माह बाद मृतक की बेटी की शादी होनी थी, बेटी के हाथ पीले करने से पहले हीं उसने अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।घटना के बाद परिवार वालों का रो रोकर बुरा हाल है। कथित तौर पर मृतक नशे का आदी था और इसी कारण उसने यह आत्मघाती कदम उठाया।घटना की जानकारी मिलते हीं थानाध्यक्ष यजुवेन्द्र सिंह एवं चौकी प्रभारी प्रद्युम्न मणि त्रिपाठी मौके पर पहुंच गये,शव को कब्जे में लेकर मामले की छानबीन शुरू कर दिए। थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतक के भाई की तहरीर पर आवश्यक विधिक कार्रवाई करने के उपरांत शव को अन्त्त्यपरीक्षण हेतु भेज दिया गया है।


