
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ: बंथरा थाने में तैनात रहे एक इंस्पेक्टर और चार दारोगाओं के खिलाफ PGI थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। यह कार्रवाई एंटी करप्शन विभाग के इंस्पेक्टर नुरुल हुदा खान की शिकायत पर की गई।
जिन पुलिसकर्मियों पर केस दर्ज हुआ है, उनमें इंस्पेक्टर प्रह्लाद सिंह, दारोगा संतोष सिंह, राजेश, दिनेश और आलोक श्रीवास्तव शामिल हैं। इनके खिलाफ झूठे साक्ष्य गढ़ने, साजिश रचने और फर्जी तरीके से मुकदमा दर्ज करने जैसी गंभीर धाराओं में एफआईआर की गई है।
यह मामला 30 दिसंबर 2020 के विशाल आर्यन स्टोर से जुड़ा है, जिसमें इन पुलिसकर्मियों ने सरिया चोरी के आरोप में चार बेगुनाह लोगों को फर्जी रूप से गिरफ्तार कर केस दर्ज किया था। आरोप है कि बिना किसी गवाह और प्रमाण के कोर्ट में चार्जशीट तक दाखिल कर दी गई थी।
शिकायत के बाद इस प्रकरण की जांच एंटी करप्शन विभाग को सौंपी गई थी, जिसमें कई गंभीर अनियमितताओं के प्रमाण सामने आए और अब संबंधित पुलिसकर्मियों पर एफआईआर दर्ज की गई है।


