
- रिपोर्ट : राजीव आनन्द
लखनऊ।भारतीय किसान संघ के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व राष्ट्रीय संगठन मंत्री ठाकुर संकठा प्रसाद सिंह की 102वीं जयंती रविवार को माधव सेवा आश्रम में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई।
प्रदेश के विभिन्न शहरों से आए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ तथा भारतीय किसान संघ से जुड़े वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समाजसेवी बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल हुए। सभी ने ठाकुर संकठा प्रसाद सिंह के देश, समाज और किसान हित में किए गए उल्लेखनीय योगदान को गरिमापूर्ण तरीके से याद किया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि ठाकुर संकठा प्रसाद सिंह ने किसानों को अपनी आवाज बुलंद करने का आत्मविश्वास दिया। उन्होंने किसानों के अधिकारों की लड़ाई लड़ते हुए संगठन को गांव-गांव तक मजबूत बनाया। उनका जीवन त्याग, तपस्या और राष्ट्रभावना का अनुपम उदाहरण है।
उपस्थितजनों ने उनके चरणों में श्रद्धांजलि अर्पित की और संकल्प लिया कि ठाकुर संकठा प्रसाद के संघर्ष, आदर्श और सेवा-भाव को पीढ़ी दर पीढ़ी आगे बढ़ाया जाएगा।
समारोह का परिवेश पूर्णतः श्रद्धामय रहा।


