
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में एक युवक ने शादी की चाहत में फर्जी सब-इंस्पेक्टर (SI) बनकर लोगों पर रौब झाड़ना शुरू कर दिया था। मथुरा का रहने वाला गौरव शर्मा वर्दी, टोपी, फर्जी आई-कार्ड और बैज के साथ खुद को असली पुलिस अधिकारी बताकर अमीर परिवारों में रिश्ते तलाश रहा था। मंगलवार रात वाहन चेकिंग के दौरान उसकी पोल खुल गई और खुटार पुलिस ने उसे रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, 25 वर्षीय गौरव शर्मा मूल रूप से मथुरा जिले के थाना कृष्णा नगर क्षेत्र के मोहल्ला मानस नगर, मोहली रोड का निवासी है। वह पिछले दो वर्षों से शाहजहांपुर के खुटार क्षेत्र में किराए के मकान में रह रहा था। पूछताछ में उसने कबूल किया कि शादी न होने के कारण वह नकली वर्दी पहनकर रुतबा दिखाता था, ताकि अमीर घरों में दुल्हन मिल सके। वह खुद को खास तैनाती पर बताकर लोगों को धमकी देता और रिश्ते जोड़ने की कोशिश करता था।
चेकिंग में खुली पोल, वर्दी-बैज सब नकली निकले
घटना मंगलवार रात टोल टैक्स के पास की है। खुटार थाना पुलिस की टीम वाहनों की रूटीन चेकिंग कर रही थी। एक कार को रोका गया, जिसमें ड्राइवर के रूप में गौरव शर्मा मौजूद था। संदेह होने पर जब पुलिस ने उससे सवाल किए, तो वह घबरा गया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से पुलिस की खाकी वर्दी, टोपी, फर्जी SI आई-कार्ड, बैज और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ।
सीओ प्रवीण मालिक ने बताया कि आरोपी ने पूछताछ में साफ कबूल लिया कि वह फर्जी दरोगा बनकर लोगों को धमकाता था। कोई आधिकारिक दस्तावेज नहीं मिलने पर उसकी असलियत सामने आ गई। गौरव ने बताया कि वह बीएससी पास है, लेकिन नौकरी न मिलने और शादी की तलाश में यह नाटक रच रहा था।
जेल की सैर, आगे जांच जारी
पुलिस ने गौरव शर्मा के खिलाफ धोखाधड़ी, फर्जीवाड़ा और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया है। उसे जेल भेज दिया गया है। खुटार थाने के प्रभारी ने कहा कि आरोपी के अन्य संभावित अपराधों की भी जांच की जा रही है। मुखबिरों के जरिए पहले से इसकी जानकारी थी, जिसके आधार पर चेकिंग की गई।
इस घटना ने स्थानीय स्तर पर हड़कंप मचा दिया है। लोग फर्जी पुलिस वालों के बढ़ते मामलों को लेकर सतर्क हो गए हैं। पुलिस ने जनता से अपील की है कि किसी संदिग्ध व्यक्ति पर भरोसा न करें और तुरंत सूचना दें।


