
- वरिष्ठ संवाददाता: राजीव आनन्द
बाराबंकी। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के टिकैतनगर थाना क्षेत्र के सराय बरई गांव में गुरुवार दोपहर एक अवैध पटाखा फैक्ट्री में भयानक विस्फोट हो गया। धमाके की तीव्रता इतनी थी कि इसकी आवाज 2 किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। हादसे में दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
लगातार विस्फोटों से मचा हाहाकार
घटना विकास खंड पूरेडलई के सराय बरई गांव के खेतों में बनी पटाखा फैक्ट्री में हुई। अज्ञात कारणों से आग लगते ही लगातार छोटे-बड़े विस्फोट शुरू हो गए। मुख्य धमाके में दो मजदूरों के शरीर के चीथड़े उड़ गए, जबकि आसपास के कुछ मकानों की दीवारों में दरारें पड़ गईं। विस्फोट के बाद फैक्ट्री में आग की लपटें फैल गईं, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीण दहशत में सड़कों पर भागने लगे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फैक्ट्री में आतिशबाजी सामग्री का अवैध निर्माण और भंडारण किया जा रहा था। सुरक्षा मानकों का पालन न होने से यह हादसा हुआ। ग्रामीणों ने बताया कि पहले भी इस फैक्ट्री की शिकायत की गई थी, लेकिन प्रशासन ने कार्रवाई नहीं की।
प्रशासन ने शुरू किया बचाव कार्य
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां और पुलिस बल मौके पर पहुंचा। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी, एसपी, एडीएम निरंकार सिंह, रामसनेहीघाट एसडीएम अनुराग सिंह और अन्य अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
जांच में लापरवाही की आशंका
पुलिस और प्रशासन ने फैक्ट्री मालिक के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में लापरवाही और अवैध संचालन की बात सामने आ रही है। एसडीएम अनुराग सिंह ने कहा, “हादसे में दो मौतों की पुष्टि हुई है। पूरी जांच की जा रही है।”
यह घटना पटाखा उद्योग में सुरक्षा नियमों की अनदेखी को उजागर करती है। जिला प्रशासन ने इलाके में सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।


