
- रिपोर्ट: अजय सोनकर
राजधानी में हुए विस्फोट के बाद पूरे प्रदेश में सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। काशी को हाई अलर्ट पर रखा गया है। मंगलवार सुबह से ही शहर के प्रमुख धार्मिक स्थलों और सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। संकट मोचन मंदिर, काशी विश्वनाथ मंदिर, कैंट रेलवे स्टेशन, बनारस रेलवे स्टेशन और रोडवेज बस स्टैंड जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस और बम निरोधक दस्ते तैनात हैं। डॉग स्क्वॉड की मदद से वाहनों और यात्रियों के सामान की गहन जांच की जा रही है।रात से ही अधिकारी संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा का जायजा ले रहे हैं।
रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों से उनके पहचान पत्र की जांच के बाद ही प्लेटफॉर्म में प्रवेश की अनुमति दी जा रही है। स्टेशन परिसर और मंदिरों में पुलिस की पैनी नजर बनी हुई है।रेलवे सुरक्षा अधिकारियों और कर्मचारियों ने बताया कि कोई भी संदिग्ध गतिविधि नजर में आते ही तुरंत कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सहयोग बनाए रखने की अपील की है।


