
- रिपोर्ट: अजय सोनकर
वाराणसी। कैंट रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त कार्रवाई में ट्रेन से 15 बच्चों को बरामद किया गया है। इस दौरान तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है, जो इन बच्चों को अलग-अलग समूहों में लेकर राजकोट (गुजरात) जा रहे थे।
सूचना मिलते ही आरपीएफ और जीआरपी के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू कर दी। जांच के दौरान सामने आया कि पकड़े गए तीनों में एक युवती गाजीपुर जिले के दिलदारनगर की रहने वाली है, जो 10 बच्चों को साथ लेकर जा रही थी। वहीं बक्सर निवासी एक युवक एक बच्चे को और असम निवासी युवक चार बच्चों को लेकर यात्रा कर रहा था।
फिलहाल सभी बच्चों को सुरक्षित किया गया है और तीनों संदिग्धों से आरपीएफ टीम विस्तृत पूछताछ कर रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए कमिश्नरेट पुलिस को जांच में शामिल किया गया है।


