
- वरिष्ठ संवाददाता: राजीव आनन्द
लखनऊ। उत्तर प्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि 2014 में नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद से देश विकास की राह पर अग्रसर है। वे भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जन्म जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
चौधरी ने कहा कि हम सभी यहां भगवान बिरसा मुंडा की जन्मतिथि पर एकत्रित हुए हैं। हम उनकी 150वीं जयंती मना रहे हैं और उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाएंगे। बिरसा मुंडा ने स्वराज और स्वदेशी का विचार दिया। अंग्रेजों ने उन्हें पकड़ने के लिए बड़ा अभियान चलाया था। वे हम सबके लिए प्रेरणा स्रोत हैं।
भाजपा प्रदेश भर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करेगी, जिसमें जनजातीय शौर्य सम्मान कार्यक्रम शामिल है। इस कार्यक्रम में स्वच्छता अभियान भी रखा गया है। 15 नवंबर को सोनभद्र में जनजातीय सम्मेलन का आयोजन होगा, जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल होंगे।
प्रदेश स्तर पर यह अभियान चलाया जाएगा। भगवान बिरसा मुंडा का बलिदान हम सबके लिए है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनजातीय अभियान शुरू किया है, जिसे हम आगे बढ़ाएंगे और जन-जन तक पहुंचाएंगे।


