
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए भीषण धमाके के बाद सुरक्षा एजेंसियाँ अलर्ट मोड पर हैं। धमाके के तुरंत बाद पूरे क्षेत्र को घेर लिया गया है और लाल किला तथा चांदनी चौक इलाके में लोगों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी गई है। इस हादसे के बाद इलाके में अफरातफरी का माहौल बना हुआ है।
दमकल विभाग के अनुसार, धमाका लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास खड़ी एक कार में हुआ। धमाके के बाद आसपास खड़ी तीन अन्य गाड़ियों में भी आग लग गई। सूचना मिलते ही दमकल की करीब 15 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया।
दिल्ली पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, धमाका संभवतः पार्क की गई कार के भीतर हुआ है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस बल की बड़ी संख्या को तैनात किया गया है। पूरे इलाके को कॉर्डन ऑफ कर दिया गया है और आम वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है।
#BREAKING – Twin car blasts reported near the Red Fort in New Delhi.#RedFort #CarBlast #News pic.twitter.com/JMOfVzRyr5
— TheWarPolitics (@TheWarPolitics0) November 10, 2025
दमकल विभाग ने बताया कि उन्हें धमाके की सूचना मिलने के तुरंत बाद टीम को रवाना किया गया। आग पर अब काबू पाया जा चुका है, लेकिन क्षेत्र में अभी भी सर्च ऑपरेशन जारी है ताकि किसी अन्य संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की पहचान की जा सके।
गौरतलब है कि लाल किला और उसके आसपास का क्षेत्र दिल्ली के सबसे व्यस्त और घनी आबादी वाले इलाकों में से एक है। शाम के समय यहां बड़ी संख्या में पर्यटक और स्थानीय लोग मौजूद रहते हैं, ऐसे में धमाके की यह घटना सुरक्षा एजेंसियों के लिए बड़ी चुनौती बन गई है।


