
सुपौल: बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में सुपौल जिले की पाँच विधानसभा सीटों — सुपौल, पीपरा, त्रिवेणीगंज, निर्मली और छातापुर — पर कल मतदान होगा। जिला प्रशासन ने मतदान को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियाँ पूरी कर ली हैं।
चुनाव आयोग ने भी दूसरे चरण के मतदान को लेकर अपनी तैयारियाँ पूरी कर ली हैं। मतदान से 72 घंटे पहले इंडो-नेपाल सीमा को पूरी तरह सील कर दिया गया है ताकि सीमा पार से शराब, नकदी या किसी भी तरह की अवैध गतिविधियों को रोका जा सके। इसके साथ ही सीमावर्ती इलाकों में सभी सुरक्षा एजेंसियाँ अलर्ट मोड पर हैं।
जिले के बीएसएस कॉलेज मैदान, सुपौल से सभी मतदान दलों को मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया जा रहा है। मतदान कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देशों के साथ ईवीएम और सुरक्षा सामग्रियाँ उपलब्ध कराई गई हैं। अधिकारियों की निगरानी में सभी पोलिंग पार्टियाँ शांतिपूर्वक अपने-अपने गंतव्यों के लिए रवाना हुईं।
जिला निर्वाची पदाधिकारी सह डीएम सावन कुमार ने बताया कि हर मतदान केंद्र पर वेबकास्टिंग अनिवार्य की गई है। इसके अलावा प्रिजाइडिंग अधिकारी “प्रिजाइडिंग ऐप” के माध्यम से प्रत्येक दो घंटे में अपने बूथ पर हुए मतदान की संख्या अपडेट करेंगे। शाम 5 बजे और मतदान समाप्ति के समय भी आंकड़े ऐप पर अपलोड करना अनिवार्य रहेगा।
डीएम ने यह भी कहा कि 17सी फॉर्म सभी पोलिंग एजेंटों को उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाएगा। प्रशासन ने मतदाताओं से अपील की है कि वे बिना किसी भय या दबाव के मतदान करें और लोकतंत्र के इस पर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।


