
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
मथुरा: ब्रज रज उत्सव के मंच पर शुक्रवार की शाम भक्ति और कला का अद्भुत संगम देखने को मिला, जब सांसद एवं प्रसिद्ध अभिनेत्री हेमा मालिनी ने ‘यशोदा-कृष्ण’ नृत्य नाटिका प्रस्तुत की।
हेमा मालिनी ने मंच पर मां यशोदा का रूप धारण कर कान्हा की नटखट लीलाओं को जीवंत किया। उनके साथ मंच पर कलाकारों ने कृष्ण के बालरूप और मातृत्व के स्नेह को इतनी भावनात्मकता से प्रस्तुत किया कि दर्शक मंत्रमुग्ध हो उठे और मानो द्वापर युग में लौट गए हों।
कान्हा के जन्मोत्सव की झलक से गोकुल की गलियां भी उमंग और भक्ति में डूब गईं। इस प्रस्तुति में संगीत, नृत्य और भावाभिव्यक्ति का ऐसा समन्वय देखने को मिला जिसने पूरे वातावरण को कृष्णमय बना दिया।
दर्शकों ने हेमा मालिनी की इस प्रस्तुति की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने एक बार फिर साबित कर दिया कि कला और भक्ति का संगम जब होता है, तो हर हृदय में भगवान के प्रति प्रेम उमड़ पड़ता है।



