
- रिपोर्ट: अमित कुमार
अयोध्या: आज भोर 4 बजकर 2 मिनट पर अयोध्या में पंचकोसी परिक्रमा का शुभारंभ हुआ। शुभ मुहूर्त में हजारों-लाखों राम भक्तों ने “जय श्रीराम” के गगनभेदी नारों के साथ परिक्रमा आरंभ की।
करीब 15 किलोमीटर लंबे परिक्रमा मार्ग पर भक्तजन भाव-भक्ति से चलते हुए प्रभु श्रीराम का स्मरण कर रहे हैं। यह परिक्रमा रात 2 बजकर 57 मिनट तक चलेगी। देशभर से आए श्रद्धालु अनुशासन और श्रद्धा के साथ इस पवित्र परिक्रमा में सम्मिलित हुए हैं।
शहर के हर कोने में भजन-कीर्तन, राम नाम संकीर्तन और प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया है। पूरा नगर भक्ति और उत्साह से सराबोर है, वातावरण में केवल “जय श्रीराम” की गूंज सुनाई दे रही है।
प्रशासन ने सुरक्षा और सुविधा की व्यापक व्यवस्था की है। परिक्रमा मार्ग पर ड्रोन निगरानी, स्वास्थ्य शिविर, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था को मजबूत किया गया है। साथ ही, सुरक्षा बलों की विशेष तैनाती और यातायात नियंत्रण की भी पुख्ता तैयारी की गई है।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, पंचकोसी परिक्रमा मोक्षदायिनी मानी जाती है — यह पापों का नाश कर जीवन को पवित्र बनाती है। हाल ही में संपन्न चौदह कोसी परिक्रमा की सफलता के बाद अब पंचकोसी परिक्रमा ने अयोध्या को भक्तिमय और उत्सवमय बना दिया है।




