
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में अपराध के खिलाफ अभियान के तहत पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। साउथ ईस्ट डिस्ट्रिक्ट की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने शनिवार देर रात हुई मुठभेड़ के बाद कुख्यात ‘गला घोटूं गैंग’ के सक्रिय सदस्य हिमांशु को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह मुठभेड़ बदरपुर फ्लाईओवर के पास हुई। एसटीएफ को हिमांशु की मौजूदगी की गुप्त सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी की। टीम को देखकर हिमांशु ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे काबू में कर लिया गया। घायल अपराधी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि हिमांशु हाल ही में पुल प्रहलादपुर इलाके में हुई एक सनसनीखेज लूट की वारदात में वांछित था। उसने अपने साथी के साथ मिलकर एक फूड डिलीवरी एग्जीक्यूटिव को निशाना बनाया था। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था, जिसमें आरोपी पीड़ित का गला घोंटते और फिर उसे लूटकर भागते हुए दिखे थे। हिमांशु के खिलाफ पहले से अपहरण, लूट और हमला जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं।
पुलिस के मुताबिक, यह गिरोह अपने बेहद क्रूर तरीके के लिए कुख्यात है। गैंग के सदस्य आमतौर पर दोपहिया वाहनों पर सवार होकर जोड़ी में वारदात को अंजाम देते हैं। वे अपने शिकार को पीछे से पकड़कर उसका गला घोंटते हैं, जब तक कि वह बेहोश न हो जाए। इसके बाद वे पीड़ित के पास से मोबाइल, नकदी और कीमती सामान लूटकर फरार हो जाते हैं।
दिल्ली पुलिस का कहना है कि हिमांशु की गिरफ्तारी से ‘गला घोटूं गैंग’ की आपराधिक गतिविधियों पर बड़ी रोक लगेगी और गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।



