
अलीगढ़ (उत्तर प्रदेश): शनिवार को अलीगढ़ के लोधा क्षेत्र में उस समय सांप्रदायिक तनाव फैल गया, जब क्षेत्र के दो गांवों के पांच मंदिरों की दीवारों पर ‘आई लव मोहम्मद’ लिखा हुआ मिला। सुबह जब ग्रामीणों की नजर इन शब्दों पर पड़ी, तो गांव में आक्रोश फैल गया और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही करणी सेना और अन्य हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और जमकर हंगामा किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग पर जोर दिया। हालात बिगड़ते देख कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया।
यह मामला गांव बुलाकगढ़ी और गांव भगवानपुर का है। बताया गया कि बुलाकगढ़ी के दो मंदिरों और भगवानपुर के तीन मंदिरों में ये आपत्तिजनक शब्द लिखे गए थे। सुबह जैसे ही ग्रामीण पूजा के लिए मंदिर पहुंचे और दीवारों पर नजर पड़ी, तो लोग गुस्से में आ गए।
करणी सेना के स्थानीय कार्यकर्ता सचिन मौके पर पहुंचे और संगठन के अन्य पदाधिकारियों को जानकारी दी। इस बीच जब पुलिस ने दीवारों से लिखे शब्दों को मिटाना शुरू किया, तो सचिन ने इसका विरोध किया। पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया, जिससे लोगों का गुस्सा और भड़क उठा।
थोड़ी ही देर में करणी सेना के वरिष्ठ पदाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह चौहान और अन्य नेता मौके पर पहुंच गए और जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया। उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए नारेबाजी की।
स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए सीओ गभाना संजीव कुमार तोमर दो थानों के पुलिस बल के साथ पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को शांत कराया। इसके बाद दीवारों से लिखे गए शब्दों को पूरी तरह मिटवाया गया।
बाद में नाराज कार्यकर्ता थाने पहुंच गए और कुछ लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी। सीओ संजीव कुमार तोमर ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज की जा रही है और दो पुलिस टीमें आरोपियों की तलाश में जुट गई हैं। उन्होंने कहा कि सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की साजिश का जल्द पर्दाफाश किया जाएगा और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।



