
मुंबई: बॉलीवुड और टेलीविजन जगत के प्रसिद्ध अभिनेता सतीश शाह का 74 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। उन्होंने 25 अक्टूबर (शनिवार) को दोपहर 2:30 बजे अंतिम सांस ली। जानकारी के अनुसार, वे लंबे समय से किडनी से संबंधित बीमारी से जूझ रहे थे। उनके मैनेजर ने इंडिया टुडे/आजतक से बातचीत में उनके निधन की पुष्टि की है। फिलहाल उनका पार्थिव शरीर अस्पताल में ही रखा गया है और उनका अंतिम संस्कार 26 अक्टूबर को किया जाएगा।
हाल ही में निर्देशक पीयूष पांडे के निधन से सदमे में डूबे बॉलीवुड को सतीश शाह के जाने से एक और बड़ा झटका लगा है। उनके निधन से फिल्म और टीवी इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है।
सतीश शाह ने अपने लंबे करियर में कई सुपरहिट फिल्मों में काम किया, लेकिन उन्हें घर-घर में पहचान टीवी के मशहूर कॉमेडी शो ‘साराभाई वर्सेस साराभाई’ के किरदार ‘इंद्रवदन साराभाई’ (इंदु) से मिली। उनकी हास्य अभिनय शैली और टाइमिंग को दर्शकों ने खूब सराहा। आज भी सोशल मीडिया पर शो के उनके डायलॉग्स और क्लिप्स वायरल होते रहते हैं।
गुजरात के मांडवी में जन्मे सतीश शाह ने फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (FTII) से पढ़ाई की थी। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत फिल्म ‘भगवान परशुराम’ से की और बाद में ‘जाने भी दो यारों’, ‘उमराव जान’, ‘शक्ति’ जैसी कई प्रसिद्ध फिल्मों में शानदार भूमिकाएँ निभाईं।
हालांकि, टेलीविजन पर उनका योगदान अभूतपूर्व रहा। 1984 में प्रसारित हुआ उनका प्रसिद्ध सिटकॉम ‘ये जो है जिंदगी’ आज भी दर्शकों के दिलों में बसता है। इस शो के 55 एपिसोड्स में सतीश शाह ने 55 अलग-अलग किरदारों को निभाकर एक अनोखा रिकॉर्ड बनाया था। इसके बाद ‘फिल्मी चक्कर’ और ‘साराभाई वर्सेस साराभाई’ में अभिनेत्री रत्ना पाठक शाह (माया साराभाई) के साथ उनकी जोड़ी दर्शकों को खूब पसंद आई।
सतीश शाह के निधन से भारतीय मनोरंजन जगत ने एक बहुमुखी प्रतिभा को खो दिया है।



