
- रिपोर्ट: अमित कुमार
आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सांसद संजय सिंह गुरुवार को अयोध्या पहुंचे। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि संगम से सरयू तक की पदयात्रा की नई तिथियां 12 नवंबर से 24 नवंबर तक निर्धारित की गई हैं। यह बदलाव बिहार चुनाव प्रचार अभियान को ध्यान में रखते हुए किया गया है।
संजय सिंह ने सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) पर जूता फेंकने वाले वायरल वीडियो को लेकर बड़ा खुलासा किया। उन्होंने कहा कि यह वीडियो भाजपा समर्थकों द्वारा सीबीआई के नाम पर बनाकर प्रचारित किया जा रहा है, जिसमें भाजपा और आरएसएस नेतृत्व की संलिप्तता है।
उन्होंने दलित और वंचित समाज से आह्वान किया कि वे जागरूक हों और बिहार चुनाव में ऐसी ताकतों को करारा जवाब दें। अखिलेश यादव और आजम खान की मुलाकात पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने इसे उनका आंतरिक मामला बताया।
मायावती की हालिया रैली पर प्रतिक्रिया देते हुए संजय सिंह ने कहा कि उन्होंने सीजेआई पर हुए हमले की निंदा नहीं की, जो दलित समाज के लिए निराशाजनक है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मायावती को अपनी रैली में कम से कम दो लाइन बोलकर इस हमले की निंदा करनी चाहिए थी। उन्होंने इसे दलित समाज के प्रति अनुचित बताते हुए अफसोस जताया।
इस दौरान आप के प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह भी उनके साथ मौजूद रहे।



