
- रिपोर्ट: अमित कुमार
अयोध्या: जिला चिकित्सालय में आभा ऐप के जरिए पर्चा बनवाने की प्रक्रिया मरीजों के लिए परेशानी का सबब बन रही है। कांग्रेस नेता पंकज सिंह ने इस मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के अधिकांश मरीजों के पास एंड्रॉयड मोबाइल फोन नहीं हैं। जिनके पास फोन है, उनके पास अक्सर डेटा पैक नहीं होता। ऐसे में मरीजों को पर्चा बनवाने के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है।
पंकज सिंह ने आरोप लगाया कि यह डिजिटल सिस्टम ग्रामीण मरीजों की जरूरतों को ध्यान में रखे बिना लागू किया गया है। उन्होंने कहा, “आभा ऐप की अनिवार्यता ने मरीजों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सरकार को चाहिए कि वह इस प्रक्रिया को सरल बनाए और वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करे ताकि गरीब और ग्रामीण मरीजों को इलाज के लिए परेशान न होना पड़े।”
कांग्रेस नेता ने मांग की कि अस्पतालों में मैनुअल पर्चा बनाने की सुविधा फिर से शुरू की जाए, ताकि तकनीकी संसाधनों की कमी वाले मरीजों को राहत मिल सके। यह मुद्दा स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बना हुआ है, और मरीजों ने भी इस प्रक्रिया पर असंतोष जताया है।



