
- रिपोर्ट: अमित कुमार
अयोध्या: समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने केंद्र की भाजपा सरकार पर जीएसटी संशोधन को लेकर तीखा प्रहार किया है। उन्होंने इसे महज दिखावा और ढोंग करार देते हुए कहा कि सरकार पहले वस्तुओं के दाम बढ़ाती है, फिर थोड़ा-बहुत घटाकर उसी का उत्सव मना लेती है। सांसद प्रसाद ने स्पष्ट शब्दों में कहा, “जनता सब समझ रही है। ये लोग आज तक कुछ किया नहीं, सिवाय उत्सव मनाने के। जीएसटी घटने से आम जनता का कोई लाभ नहीं हो रहा। कल भी लोग पीसी जा रहे थे, आज भी जा रहे हैं।”
सांसद अवधेश प्रसाद ने प्रेस को संबोधित करते हुए सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार किसानों की करोड़ों रुपये कीमत की जमीनें कौड़ियों के दाम पर अपने चहेतों को सौंप रही है। जीएसटी की बात करते हुए उन्होंने सुझाव दिया कि अगर सरकार वाकई राहत देना चाहती है, तो किसानों की खाद पर लगे 80 प्रतिशत टैक्स को हटा दे। उन्होंने कहा, “जब तक लोग खुशहाल नहीं होंगे, जीएसटी घटाने का कोई मतलब नहीं। जरूरी वस्तुओं को जीएसटी से मुक्त करें, ताकि आम जनता को असली फायदा पहुंचे।”
2027 में सपा सरकार लाएगी असली विकास
सांसद प्रसाद ने अयोध्या के विकास पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यहां विकास के नाम पर महज बंदरबांट हो रहा है। प्रभु श्री राम के दर्शन के लिए आने वाले भक्तों को असली विकास दिखाने का वादा करते हुए बोले, “हमारी सरकार 2027 में आएगी। तब अयोध्या का जो विकास होगा, वह दुनिया देखेगी। प्रभु श्री राम के दर्शन करने आए लोग समझेंगे कि विकास क्या होता है।” यह बयान आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर सपा की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।
सपा सांसद का यह बयान जीएसटी संशोधन के तुरंत बाद आया है, जिसमें सरकार ने कुछ वस्तुओं पर दरें कम की हैं, लेकिन विपक्ष का कहना है कि यह अपर्याप्त है। अवधेश प्रसाद की यह टिप्पणी राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बनी हुई है।



