
- वरिष्ठ संवाददाता: राजीव आनन्द
लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान योगी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने नोएडा में किसानों के साथ हो रहे धोखे, अमेरिकी टैरिफ से कारोबारियों को नुकसान, वाराणसी में एनटीपीसी प्लांट के स्वास्थ्य प्रभाव, महंगाई और कानून-व्यवस्था की खराब स्थिति जैसे मुद्दों पर सरकार की घेराबंदी की। अखिलेश ने कहा कि समाजवादी पार्टी भविष्य में किसानों की मांगों का पूरा साथ देगी और 2027 के विधानसभा चुनाव में PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) की सरकार बनाकर न्याय और विकास सुनिश्चित करेगी।
अखिलेश ने नोएडा का जिक्र करते हुए कहा, “नोएडा में तमाम देशों के लोग कारोबार कर रहे हैं, लेकिन अगर किसानों के साथ धोखा होता है तो यह विकास का रास्ता नहीं हो सकता।” उन्होंने किसानों के प्रति सपा की प्रतिबद्धता जताते हुए कहा कि भविष्य में उनकी मांगों को पूरा करने के लिए पार्टी हर कदम पर साथ खड़ी रहेगी।
अमेरिकी टैरिफ पर बोलते हुए अखिलेश ने सरकार से अपील की, “अमेरिका ने अभी-अभी टैरिफ लगाया है, सरकार को जो कारोबार का नुकसान हो रहा है, उनकी मदद करने के लिए आगे आना चाहिए।” वाराणसी के एनटीपीसी प्लांट पर उन्होंने गंभीर सवाल उठाया, “वाराणसी में एनटीपीसी के प्लांट की वजह से बड़े पैमाने पर आबादी जो रहती है, उसके स्वास्थ्य से जुड़े गंभीर सवाल हैं, लेकिन सरकार के पास इसका कोई जवाब नहीं है।”
महंगाई और कानून-व्यवस्था पर तीखा प्रहार करते हुए अखिलेश ने कहा, “सरकार काम के अलावा गुंडागर्दी कर रही है। जिन्होंने जीएसटी लगाकर लूटा, वही अब जनता को धोखा देने के लिए निकले हैं। जब तक मुनाफा कम नहीं होगा, तब तक महंगाई नहीं कम हो सकती।” उन्होंने एयरपोर्ट पर दो महीने में 44 करोड़ का गांजा पकड़े जाने का जिक्र कर कानून-व्यवस्था की पोल खोली।
‘दाम बांधो’ नीति का वादा दोहराते हुए अखिलेश ने कहा, “डॉ. लोहिया और नेताजी ने दाम बांधो नीति पर बात रखी थी। 2027 में सरकार बनने के बाद हम इसे लागू कर चीजों को सस्ता करने का काम करेंगे।” PDA और बहुजन समाज की एकता पर बोलते हुए उन्होंने कहा, “जाति हमारा पहला इमोशनल कनेक्ट है। बाबा साहब ने जो आरक्षण दिया है, वो संविधान में जाति के हिसाब से दिया गया है। भारतीय जनता पार्टी के लोग PDA और बहुजन समाज की एकता से घबराए हुए हैं।”
कार्यक्रम के दौरान अखिलेश ने एक पुस्तक ‘मेहंदी में तलवार’ का विमोचन किया। उन्हें ‘पहला गिरमिटिया’ नामक पुस्तक भी भेंट की गई, जिसे हेमंत सिंह राजपूत ने लिखा है।
सपा में कई नेताओं के शामिल होने पर अखिलेश ने स्वागत किया। पूर्व विधायक चौधरी अमर सिंह, जो इससे पहले अपना दल सोनेलाल से शोहरतगढ़ के विधायक रह चुके हैं, ने समाजवादी पार्टी जॉइन की। बीएसपी छोड़कर विद्यासागर भी सपा में शामिल हुए और गोरखपुर आए। इसी क्रम में गौतम बुद्ध नगर से सुधीर चौहान बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के साथ सपा में सम्मिलित हो रहे हैं।
अखिलेश ने PDA की एकता पर जोर देते हुए कहा कि यह गठबंधन भाजपा की सांप्रदायिक राजनीति को हराएगा और उत्तर प्रदेश में न्यायपूर्ण विकास का मार्ग प्रशस्त करेगा।



