
- रिपोर्ट: अनुपम श्रीवास्तव
गोरखपुर/ संतकबीरनगर: मेहदावल विधानसभा क्षेत्र में राप्ती नदी के बढ़ते जलस्तर का निरीक्षण करते हुए समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता सुनील सिंह ने शनिवार को क्षेत्र का भ्रमण किया। इस दौरान ग्रामीणों ने उन्हें बताया कि इन दिनों क्षेत्र में चोरों का आतंक बढ़ गया है और लोग दहशत में जीवन बिता रहे हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि जिला प्रशासन इस मामले में पूरी तरह फेल साबित हो रहा है।
निरीक्षण के दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए सुनील सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार का अपराध पर “जीरो टॉलरेंस” का दावा अब केवल कागजों में ही रह गया है। उन्होंने कहा कि सरकार नारे और जुमलों में व्यस्त है, जनता की समस्याओं की तरफ ध्यान नहीं है। लोग भाग्य भरोसे जीवन यापन कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि जनता ने 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा सरकार को बदलने का मन बना लिया है।

श्री सिंह ने कहा कि प्रदेश में खुशहाली तभी आएगी जब इसकी बागडोर अखिलेश यादव के हाथों में होगी। इससे बेरोजगारों को रोजगार मिलेगा, किसानों की समस्याओं का समाधान होगा और प्रदेश का समग्र विकास होगा।
भ्रमण के दौरान लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय सचिव सत्येंद्र पांडेय, इंद्रजीत यादव, ओमप्रकाश यादव, राजन पासवान, बाबूलाल और रवि यादव सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।




