
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
आलमबाग: थाना आलमबाग क्षेत्र के अंतर्गत मवैया चौराहे के पास स्थित एक सील की गई बिल्डिंग में लगातार अवैध निर्माण कार्य जारी है। यह बिल्डिंग लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) द्वारा अवैध रूप से बनाए जाने पर वर्षों पहले सील की गई थी, लेकिन अब भी इसमें निर्माण कार्य खुलकर चल रहा है।
🔹 LDA और पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर उठ रहे सवाल
यह मामला LDA जोन-6 के अधीन आता है। सूत्रों का कहना है कि जोनल अधिकारी वंदना पांडे के संरक्षण में बिल्डिंग मालिक खुलेआम निर्माण करा रहा है। वहीं, आलमबाग पुलिस की भूमिका भी संदिग्ध नजर आ रही है, क्योंकि निर्माण कार्य जारी है, लेकिन पुलिस पूरी तरह से अनजान बनी हुई है।
🔹 नियमों की खुली उड़ रही धज्जियां
LDA द्वारा किसी बिल्डिंग को सील किए जाने के बाद उस थाने को इसकी जानकारी दी जाती है ताकि भविष्य में निर्माण न हो सके। लेकिन यहां स्थिति बिल्कुल उलटी है — सील के बावजूद निर्माण जारी है और प्रशासन मूक दर्शक बना है।
🔹 मिलीभगत के गंभीर आरोप
स्थानीय सूत्रों और रहवासियों का आरोप है कि यह सब प्रशासन और पुलिस की मिलीभगत के बिना संभव नहीं है। सवाल उठता है कि यदि थाना और LDA दोनों को अवैध निर्माण की जानकारी है, तो अब तक कोई कार्रवाई क्यों नहीं हुई?
🔹 क्या होगी कार्रवाई या ऐसे ही चलता रहेगा खेल?
यह मामला न केवल प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़ा करता है, बल्कि लखनऊ जैसे स्मार्ट सिटी के सपने को भी धूमिल करता है। अब देखना यह होगा कि LDA और पुलिस इस पर कार्रवाई करते हैं या फिर यह मामला भी फाइलों में दबकर रह जाएगा।
यह एक जांच का विषय है कि सील बिल्डिंग में खुलेआम निर्माण कार्य कैसे और किसके इशारे पर जारी है। जवाबदेही तय करना अब ज़रूरी हो गया है।




